नई दिल्ली। वह दिन अब गायब हो चुके हैं जब बांग्लादेश की टीम को क्रिकेट का बालक माना जाता था। खासकर अपनी जमीन पर बांग्लादेश किसी बंगाल टाइगर से कम नहीं है। हाल में ही समाप्त हुई दो टेस्ट मैचों की सीरीज में जिस तरह से बांग्लादेश ने विंडीज का सूपड़ा साफ किया उससे एक बार फिर इस बात पर मोहर लग गई है।
बांग्लादेश ने ना केवल विंडीज को 2-0 से हराया बल्कि इस सीरीज में रिकॉर्ड की बौछार भी कर दी। शानदार गेंदबाजी के दम पर बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने ढाका में रविवार को दूसरे टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज को एक पारी और 184 रनों से हरा दिया। यह बांग्लादेश की सबसे बड़ी टेस्ट जीत है। इसके अलावा यह सीरीज एक और अनूठे रिकॉर्ड के कारण याद की जाएगी।
इस सीरीज में सभी विकेट बांग्लादेश के स्पिनर्स ने झटके हैं। यानी की दोनों मैच की कुल चार पारियों के 40 विकेट स्पिनर्स ने लिए, जो कि एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है। मेहदी हसन ने सीरीज में 15, ताइजुल इस्लाम ने 10 और कप्तान शाकिब अल हसन को 9 विकेट मिले। जबकी डेब्यू कर रहे ऑफ स्पिनर नईम हसन ने 6 विकेट झटके। इससे पहले बांग्लादेश ने ही इंग्लैंड के खिलाफ 38 विकेट लिए थे।