ऑस्ट्रेलिया में ऐतिहासिक जीत के बाद BCCI ने की टीम इंडिया के लिए नकद बोनस की घोषणा
नई दिल्ली। टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद बीसीसीआई ने भारतीय खिलाड़ियों के लिए इनाम की घोषणा की है। सीओए यानी प्रशासकों की समिति ने यह इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि बीसीसीआई भारतीय टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा करता है। यह पुरस्कार राशि टीम को ऑस्ट्रेलिया में शानदार सफलता के लिए बतौर इनाम दी जा रही है। यह राशि टेस्ट टीम के सभी सदस्यों को दी जाएगी।
इसके साथ ही यह भी जानकारी दी गई कि ये नकद राशि एक मैच फीस के बराबर होगी, जो कि 15 लाख रुपए होगी। यह 15 लाख रुपए मैदान में उतरने वाले ग्यारह खिलाड़ियों के लिए निर्धारित किए गए हैं। जबकि रिजर्व खिलाड़ियों को इसकी आधी राशि यानी 7.5 लाख रुपए दिए जाएंगे। वहीं, कोच के लिए 25 लाख रुपये की नकद राशि दिए जाने की घोषणा हुई है। इसके अलावा टीम इंडिया के ऐसे स्टाफ जो कोचिंग विभाग से नहीं जुड़े हैं, उनको उनकी प्रोफेशनल फीस के बराबर बोनस दिया जाएगा। गौरतलब है कि प्रशासकों की समिति (सीओए) की नियुक्ति भारत के सुप्रीम कोर्ट ने की थी।
आपको बता दें कि भारत ने 71 साल बाद ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीती है। ऐसा करने वाली पहली एशियाई टीम बनने पर भारत को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान समेत देश विदेश से बधाईयों के संदेश मिल रहे हैं। भारत ने 4 टेस्ट मैचों की सीरीज को 2-1 से जीता था। अब भारतीय टीम की नजरें 12 जनवरी से शुरू होने जा रही एक दिनी सीरीज पर टिकी है। तीन मैचों की यह सीरीज 18 जनवरी तक चलेगी। इस सीरीज में भारत ने अपने मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आराम दिया है। मोहम्मद सिराज को उनकी जगह पर लाया गया है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
