Indian Cricket Team: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से इंडियन क्रिकेट टीम के लिए नए क्रिकेट किट स्पॉन्सर का ऐलान हो चुका है। बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने 22 मई को ये घोषणा की है। इस डील के बाद टीम इंडिया की जर्सी पर एडिडास का लोगो नजर आएगा। एडिडास से पहले बीसीसीआई की यह डील किलर के साथ थी। जय शाह ने ट्वीट कर नई डील की पुष्टि कर दी है।
किट स्पॉन्सर के रूप में स्पोर्ट्सवियर दिग्गज एडिडास के साथ साझेदारी के बाद अब टीम इंडिया एक नई जर्सी में दिखेगी। वर्तमान में टीम के सभी खिलाड़ी अपनी-अपनी आईपीएल फ्रेंचाइजी के साथ मैच खेल रहे हैं। हालांकि, जल्द ही सभी खिलाड़ी एक साथ 2023 विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया का सामना करते नजर आएंगे।
बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने ट्वीट कर लिखा, 'मुझे ये ऐलान करते हुए काफी खुशी हो रही है कि बीसीसीआई ने किट स्पॉन्सर के तौर पर 'एडिडास' के साथ पार्टनरशिप की है। क्रिकेट के गेम को बढ़ावा देने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं और दुनिया के बेहतरीन स्पोर्ट्स वियर के साथ पार्टनरशिप करके हम काफी उत्साहित हैं। 'एडिडास' आपका स्वागत है।'
I'm pleased to announce @BCCI's partnership with @adidas as a kit sponsor. We are committed to growing the game of cricket and could not be more excited to partner with one of the world’s leading sportswear brands. Welcome aboard, @adidas
— Jay Shah (@JayShah) May 22, 2023
हालांकि, इस डील के संबंध में शाह ने कोई और जानकारी नहीं दी है। इस डील के बाद स्पष्ट हो गया है कि एडिडास अगले पांच साल के डील के बाद अब किलर की जगह लेगा। किलर, एक कम प्रसिद्ध ब्रांड है। मुख्य रूप से जींस बनाने वाली किलर का बीसीसीआई के साथ पांच महीने का करार है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एडिडास द्वारा इससे पहले भी भारतीय टीम के लिए किट स्पॉन्सर बनने का प्रयास किया गया, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो सके। एडिडास ने इससे पहले 2006 में बोली भी लगाई थी। टीम इंडिया का करार साल 2020 में नाइकी के साथ खत्म होने के बाद बाइजूस और एमपीएल कंपनी किट स्पॉन्सर बनी। हालांकि एमपीएल ने अपना करार बीच में ही खत्म कर दिया, जिसके बाद किलर ब्रांड 5 महीने के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का किट स्पॉन्सर बना।