बेंगलुरू। वेस्टइंडीज के स्टार गेंदबाज सुनील नरेन पर 'दूसरा' गेंद डालने पर पाबंदी लगा दी है। नरेन की गेंदबाजी एक्शन को लेकर चैंपियंस लीग के टी-20 में भी सवाल उठे थे। लेकिन सीजन में भी बीसीसीआई ने एक बार फिर से उन्हें दूसरा डालने पर पाबंदी लगा दी है।
बीसीसीआई ने इस आईपीएल सीजन के सभी मैचों में नरेन पर दूसरा गेंद डालने पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी है। कोलकाता नाईट राइडर्स के स्टार गेंदबाज पर चेन्नई सुपरकिंग्स टीम की शिकायत के बाद यह फैसला लिया गया। चेन्नई की टीम की शिकायत के बाद सुनील के एक्शन की जांच हुई उसके बाद बीसीसीआई ने यह फैसला लिया।
22 अप्रैल को खेले गये मैच में नरेन की गेंदबाजी एक्शन पर चेन्नई की टीम ने उंगली उठायी थी। वहीं नरेन के एक्शन की जांच के बाद उन्हें ऑफ स्पिन गेंदें डालने पर रोक लगा दी गयी है।
आईपीएल के नियमों के तहत उनके एक्शन की जांच की गयी जिसमें उन्हें आईपीएल के नियम 24.2 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। बीसीसीआई ने अपने आदेश में कहा है कि हालांकि नरेन ऑफ स्पिन और दूसरा गेंद को छोड़कर गेंदबाजी कर सकते हैं।
वहीं बीसीसीआई ने कहा कि अगर नरेन फिर से ऑफ स्पिन गेंद फेंकते पाये गये तो अंपायर को आईपीएल के नियम 24.2 के तहत उस गेंद को नो बॉल करार देना होगा। वहीं मैच के बाद अंपायर इस बात की नोटिस भी पेश करेंगे।