फूट-फूटकर रोए मेसी
पंकज प्रियदर्शी
बीबीसी संवाददाता, दक्षिण अफ़्रीका से
ब्राज़ील हो या फिर अर्जेंटीना- विश्व कप से इतनी जल्दी ये टीमें बाहर हो जाएँगी, समर्थकों ने सोचा नहीं था. दोनों देशों में माहौल ग़म का है. लेकिन उन खिलाड़ियों के बारे में सोचिए जिनके कंधों पर टीम का बड़ा बोझ था.
जर्मनी के ख़िलाफ़ मैच में जिस तरह अर्जेंटीना की टीम मैच हारी, उससे सबसे ज़्यादा निराश नज़र आए फ़ीफ़ा वर्ल्ड फ़ुटबॉलर ऑफ़ द ईयर मेसी. मेसी ने इस विश्व कप में कई मौक़े पर अपने पाँव का जादू तो दिखाया, लेकिन वे गोल नहीं कर पाए.
जहाँ उनके गोल न करने के बावजूद उनकी टीम क्वार्टर फ़ाइनल से पहले अच्छा प्रदर्शन कर रही थी, वहीं क्वार्टर फ़ाइनल में मेसी का गोल न करना समर्थकों को सबसे ज़्यादा खल रहा था.
लेकिन मेसी भी कम दुखी नहीं थे. मैच के बाद बुरी तरह हारी टीम जब ड्रेसिंग रूम में पहुँची, मेसी फूट-फूट कर रोने लगे. बहुत मुश्किल होता है विश्व कप जैसी प्रतियोगिता में हार को पचा पाना.
स्टार खिलाड़ियों पर ग्रहण
इस विश्व कप के शुरू होने से पहले फ़ुटबॉल के जानकारों और अलग-अलग देशों के समर्थकों ने भी जिन कुछ स्टार खिलाड़ियों पर दाँव लगाया था, उनमें सबसे ऊपर थे मेसी और उसके बाद रोनाल्डो, फिर ब्राज़ील के काका.
लेकिन ये विश्व कप जैसे इन स्टार खिलाड़ियों के अशुभ रहा. पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने इस विश्व कप में सिर्फ़ एक गोल किया. उनकी टीम नॉक आउट स्टेज में स्पेन के हाथों हार कर प्रतियोगिता से बाहर हुई.
रोनाल्डो ने स्पेन के ख़िलाफ़ मैच से पहले अच्छा खेल दिखाया भले ही उन्होंने एक ही गोल किया था. लेकिन स्पेन के ख़िलाफ़ मैच में उनकी बोलती बंद थी. उनकी एक नहीं चल रही थी.
कमोबेश वही हाल ब्राज़ील के काका का रहा. लेकिन काका इस प्रतियोगिता में एक गोल नहीं कर पाए और जब टीम पर संकट मँडरा रहा था, उनकी हालत और ख़राब हो गई.
नीदरलैंड्स के ख़िलाफ़ क्वार्टर फ़ाइनल मैच में समर्थकों ने काका से बहुत आस लगाई, लेकिन उनकी आस टूट गई और काका कुछ नहीं कर पाए. अर्जेंटीना के मेसी पर सबसे ज़्यादा दाँव लगा था.
लेकिन ये स्टार खिलाड़ी भी मौक़े पर नहीं चल पाया और जर्मनी ने अर्जेंटीना को बुरी तरह पीटा.
रोनाल्डो पर कार्रवाई नहीं
स्पेन के ख़िलाफ़ नॉक आउट स्टेज में पुर्तगाल की टीम 1-0 से हार गई थी. ज़ाहिर है इससे सबसे ज़्यादा निराश और हताश थे क्रिस्टियानो रोनाल्डो.
मैच के बाद एक टीवी पत्रकार से उनकी झड़प हो गई. और तो और आरोप ये लगा कि नाराज़ रोनाल्डो ने प्रतिक्रिया में कैमरामैन के बगल में थूक दिया.
अब रोनाल्डो ने वाकई कैमरे को देखकर थूका या उनकी ये प्रतिक्रिया अनजाने में हुई- ये तो पता नहीं. लेकिन फ़ीफ़ा की अनुशासन समिति ने रोनाल्डो पर किसी तरह की कार्रवाई करने से इनकार कर दिया है.
फ़ीफ़ा की अनुशासनात्मक समिति रोनाल्डो पर जुर्माना या पाबंदी लगा सकती थी. लेकिन समिति का कहना है कि रोनाल्डो पर कार्रवाई के लिए कोई आधार नहीं है.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
