विवाद में फंसे गंभीर और वॉटसन
नई दिल्ली, 30 अक्तूबर: फिरोजशाह कोटला मैदान पर खेले जा रहे तीसरे टेस्ट के दौरान भारत के सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर और आस्ट्रेलिया के हरफनमौला खिलाड़ी शेन वॉटसन के बीच बहस हो गई। इस बहस के चलते दोनों खिलाड़ी विवाद में फंस गये हैं। इन दोनों पर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगा है।
यही नहीं गंभीर एक और विवाद में उलझ गये हैं, जिसमें एक अन्य घटना में साइमन कैटिच और गंभीर के बीच भी बहस हुई थी। अंपायर बिलि बाउडन के हस्तक्षेप के बाद मामले को सुलझाया जा सका।
वॉटसन और कैटिच ने दो मौकों पर रन के लिए दौड़ रहे गंभीर का रास्ता रोकने की कोशिश की थी। इसी दौरान वॉटसन ने गंभीर को कुछ अपशब्द कहे जिससे गुस्साए गंभीर ने उन्हें कोहनी से चोट पहुंचाई थी।
गंभीर की इसी हरकत को आईसीसी ने गंभीरता से लिया है। उन पर आईसीसी के सी-लेवल-2 स्तर की गलती करने का आरोप लगा है जबकि वॉटसन पर सी-लेवल-1 स्तर की गलती करने का आरोप लगा है।
फील्ड अंपायर अलीम डार और बाउडन तथा तीसरे अंपायर सुरेश शास्त्री ने इस मामले पर विचार करने के बाद खिलाड़ियों पर आरोप तय किए।
मैच रेफरी क्रिस ब्रॉड गुरुवार शाम को मामले की सुनवाई करेंगे। सुनवाई में जिस भी खिलाड़ी पर आरोप सिद्ध हो जाता है, तो उसे मैच फीस का सौ प्रतिशत तक जुर्माना भरना पड़ सकता है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications