नई दिल्ली। भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम और महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों की सैलरी में जमीन-आसमान काअंतर होने की वजह से हाल ही में बीसीसीआई की आलोचना हो रही है। लेकिन अब एक बार फिर से बीसीसीआई महिला टीम के भुगतान के चलते विवादों में है। दरअसल भारतीय महिला क्रिकेट टीम आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची थी। फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। विश्वकप में भारतीय टीम के जबरदस्त प्रदर्शन के बाद महिला टीम को पांच लाख डॉलर का इनाम इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल की ओर से मिलना था।
लेकिन रिपोर्ट के अनुसार आईसीसी ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूरी इनाम राशि को बीसीसीआई को कुछ ही दिनों में दे दिया था। लेकिन बावजूद इसके बीसीसीआई ने खिलाड़ियों को उनकी इनाम की राशि नहीं दी है जोकि उन्होंने विश्वकप में जबरदस्त प्रदर्शन करके कमाई थी। आईसीसी की ओर इनाम की राशि को बोर्ड को दो हफ्ते के भीतर ही खिलाड़ियों को देना होता है,लेकिन बीसीसीआई की ओर से ऐसा नहीं किया गया।
आईसीसी द्वारा दी गई इनाम की राशि को 15 भारतीय महिला खिलाड़ियों के बीच बांटा जाना था। ऐसे में हर खिलाड़ी को 33000 अमेरिका डॉलर मिलने चाहिए। ऐसे में यह राशि इन खिलाड़ियों के जीवन को बदल सकता है क्योंकि महिला खिलाड़ियों की सैलरी वैसे भी बहुत कम है। फेडरेशन ऑफ इंटरनेशनल क्रिकेटर्स असोसिएशन के सीईओ टॉम मॉफैट ने कहा कि खिलाडियों को इनाम की राशि मैदान में उनके शानदार प्रदर्शन की वजह से दिया जाता है। ऐसे में खिलाड़ियों को देर से पैसे दिया जाना स्वीकार नहीं किया जा सकता है। हम भारतीय खिलाड़ियों को कहेंगे कि वह खुद एकजुट होकर संगठन बनाए ताकि खिलाड़ियों का सही प्रतिनिधित्व विश्व स्तर पर हो सके।