अफ़ग़ानिस्तान अब फाइनल मुकाबले में स्वर्ण पदक के लिए बांग्लादेश के ख़िलाफ़ खेलेगा.
अफ़ग़ानिस्तान की क्रिकेट टीम ने एशियाई खेलों के ट्वेंटी-20 मुक़ाबले में पाकिस्तान को हराकर क्रिकेट प्रेमियों में रोमांच भर दिया है.
अफ़ग़ानिस्तान अब फाइनल मुक़ाबले में स्वर्ण पदक के लिए बांग्लादेश के ख़िलाफ़ खेलेगा.
अफ़ग़ानिस्तान के कोच राशिद लतीफ़ ने बताया कि टीम की जीत और सेमिफाइनल में पहुंचने की खुशी में राष्ट्रपति हामिद करज़ई ने फ़ोन कर टीम को बधाई दी.
राशिद लतीफ़ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके एक पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी हैं.
हालांकि पाकिस्तान ने इस मुकाबले के लिए अपनी टीम के सबसे मज़बूत खिलाड़ियों को नहीं भेजा था फिर भी उम्मीद की जा रही थी कि वो फाइनल तक ज़रूर पहुंचेंगे.
अफ़ग़ानिस्तान के सलामी बल्लेबाज़ क़रीम खान सादेक ने खेल की शुरुआत में ही महत्त्वपूर्ण 19 रन बनाए. पाकिस्तान की बल्लेबाज़ी के दौरान 14वें ओवर में दो विकेट लेकर उन्होंने पाकिस्तान के लिए मुश्किलें और बढ़ा दीं.
समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस ने सादेक के हवाले से बताया, ''मैं जानता हूं कि मेरे शहर जलालाबाद में पांच लाख लोगों ने पहले ही जश्न मनाना शुरु कर दिया था.''
अफ़ग़ानिस्तान की इस जीत का मतलब है कि एशियाई खेलों की क्रिकेट स्पर्धा के ट्वेंटी-20 मुक़ाबले में एशियाई महाद्वीप की तीन दिग्गज टीमों में से एक भी शामिल नहीं है.
भारत ने इस मुक़ाबले के लिए अपनी टीम नहीं भेजी है. इसके अलावा पाकिस्तान और श्रीलंका ने इस स्पर्धा के लिए अपने मज़बूत खिलाड़ी नहीं भेजे.
बांग्लादेश को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल में एक मज़बूत टीम का दर्जा हासिल है, लेकिन क्रिकेट की दुनिया के 10 जाने-माने नामों में अफ़ग़ानिस्तान की टीम की फ़िलहाल कोई जगह नहीं है.
अपनी इस अप्रत्याशित जीत की खुशी में अफ़ग़ानिस्तान की टीम के खिलाड़ियों ने एक दूसरे को गले लगाया और मैदान का चक्कर लगाते हुए झुककर ज़मीन चूमी.