नई दिल्लीः पिछले सप्ताह से विराट कोहली की कप्तानी को लेकर बहुत सारी बातें हो रही है। ऐसे कई सवाल उठे हैं जिनमें से कई का जवाब अभी भी मिलना बाकी है। अब कुछ रिपोर्ट बताती है कि क्रिकेट बोर्ड विराट कोहली को वन डे इंटरनेशनल क्रिकेट में कप्तानी से हटाने के बारे में काफी लंबे समय से सोच रहा था।
बीसीसीआई ऐसा सोच ही रहा था कि विराट कोहली ने भी T20 क्रिकेट से खुद ही इस्तीफा दे दिया। कोहली ने कहा कि उनके ऊपर इतना वर्क लोड है कि वे T20 क्रिकेट से कमान छोड़कर वनडे और टेस्ट मैचों में ही कमान थामने का लुत्फ उठाना चाहेंगे। लेकिन बीसीसीआई ने चीजें विराट कोहली के हिसाब से होने नहीं दी है क्योंकि एक हैरतअंगेज फैसले के तहत दक्षिण अफ्रीका जाने वाली टेस्ट टीम की घोषणा से कुछ देर पहले ही विराट कोहली को वनडे कप्तानी से भी हटा दिया गया है।
चयनकर्ताओं ने रोहित शर्मा को टी-20 और वनडे की कमान सौंपने का फैसला किया क्योंकि बोर्ड नहीं चाहता था भारतीय क्रिकेट में बहुत सारी लीडरशिप हो। बाद में बीसीसीआई के प्रेसिडेंट सौरव गांगुली ने बताया कि विराट कोहली से उन्होंने कहा था कि T20 में अपनी कमान अभी ना छोड़े लेकिन कोहली ने उनकी नहीं सुनी।
बाद में विराट कोहली ने एक और प्रेस कॉन्फ्रेंस की और साफ किया कि ऐसा कुछ भी नहीं हुआ था और किसी ने उनसे किसी तरह की कोई खास बात नहीं की थी। केवल साउथ अफ्रीका जाने वाली टेस्ट टीम के चयन से 90 मिनट पहले उनको बताया गया था कि अब आप वनडे कप्तान नहीं रहे हो।
शायद विराट कोहली को अंदेशा था कि चीजें उनके हाथ में वैसी नहीं रहेंगी जैसे की शास्त्री-कोहली युग में थी। इस जोड़ी ने अपने पूरे कार्यकाल में भारतीय क्रिकेट पर अपनी हकुमत की है। शास्त्री के जाने का समय देखकर कोहली को भी वर्कलोड याद आ गया। बाद में सोच विचारकर आईपीएल कमान को भी विदाई दे दी। कोहली शायद जानते थे कि आईसीसी खिताब ना जीतना उनके लिए कितना बड़ा नुकसान है। उन्होंने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेस में यह कहा भी है कि आईसीसी खिताब ना जीतना उनको वनडे कप्तानी से हटाने का एक कारण हो सकता है।