मेलबर्न। आज भारत का मुकाबला दक्षिण अफ्रिका से होने जा रहा है, पाकिस्तान को हराने के बाद जहां भारत को हौसले काफी बुलंद हैं वहीं दूसरी ओर आज उसे साउथ अफ्रिका से लड़ने के लिए धैर्य के साथ परिचय देना होगा। इस बात का अंदाजा भारतीय खिलाड़ियों को भी है तभी तो शनिवार को भारतीय क्रिकेट टीम के उपकप्तान विराट कोहली ने आज रोमांचक मुकाबले की संभावना व्यक्त की है।
भारत के स्टार खिलाड़ी कोहली ने कहा, "उनके पास अच्छे तेज गेंदबाज हैं तो हमारे पास अच्छे बल्लेबाज। दोनों टीमें संतुलित हैं। इसलिए उनके गेंदबाजों और हमारे बल्लेबाजों के बीच रोमांचक मुकाबला होने वाला है यानी कि आज का मुकाबला काफी तगड़ा होगा लेकिन हमें पारी के आखिर तक निरंतरता के साथ खेलना होगा, क्योंकि एमसीजी के विशाल मैदान पर बाउंड्री लगाना आसान नहीं है। हमें बहुत सोची-समझी रणनीति के तहत बल्लेबाजी करनी होगी।"
उनके पास अच्छे तेज गेंदबाज हैं तो हमारे पास अच्छे बल्लेबाज
फिलहाल दोनों ही देशों के लोग अपनी-अपनी टीमों के लिए दुआएं मांग रहे हैं देखते हैं कि आज के मैच में किसकी दुआ रंग लाती है। गौरतलब है कि दोनों ही टीमें विश्व कप-2015 में एक-एक मैच खेल चुकी हैं, जिनमें दोनों ही टीमों को जीत मिली। भारतीय टीम ने जहां अपने पहले मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 76 रनों से करारी मात दी, वहीं दक्षिण अफ्रीका ने जिम्बाब्वे जैसी कमजोर टीम को 62 रनों से हराकर विजयी आगाज किया।