China Open: पीवी सिंधु और साई प्रणीत अगले दौर में, पहले राउंड में सायना नेहवाल बाहर
नई दिल्ली: विश्व चैंपियनशिप का खिताब जीतने के बाद पीवी सिंधु ने अपनी दमदार फॉर्म बरकरार रखी है तो वहीं चोट से उबरने के बाद भारत की एक और दिग्गज शटलर साइना नेहवाल का संघर्ष अभी जारी है। सिंधु ने बुधवार को जहां पूर्व ओलिंपिक स्वर्ण पदक विजेता ली शुएरुई के खिलाफ आसान जीत के साथ प्री-क्वॉर्टर फाइनल में जगह बनाई, तो वहीं इससे पहले साइना नेहवाल महिला एकल के पहले दौर में हार के साथ चीन ओपन से बाहर हो गईं।
सायना का मुकाबला पहले दौर में थाईलैंड की बुसानन ओंगबामरुंगफान से था। 44 मिनट तक चले इस मैच में उन्हें बुसासनन ने 10-21, 17-21 मात दी। चोटों से उबरने के बाद वापसी कर रही 29 साल की साइना फॉर्म हासिल करने के लिए जूझ रही हैं। नेहवाल ने सत्र की शुरुआत इंडोनेशिया ओपन में जीत के साथ की, लेकिन इसके बाद वह बाकी सत्र में बीडब्ल्यूएफ सर्किट पर किसी प्रतियोगिता के फाइनल में जगह नहीं बना सकी। पूर्व नंबर एक खिलाड़ी साइना की थाइलैंड की खिलाड़ी के खिलाफ यह लगातार दूसरी हार भी है।
इसके अलावा भारत की शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी सिंधु ने सिर्फ 34 मिनट में दुनिया की 20वें नंबर की खिलाड़ी ली शुएरुई को 21-18, 21-12 से हराकर अपनी फॉर्म और आत्मविश्वास बनाए रखा है। ली शुएरुई को हराने में सिंधु को अधिक पसीना नहीं बहाना पड़ा। शुएरुई के खिलाफ सिंधु की यह चौथी जीत है जबकि तीन मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। वर्ल्ड नंबर-5 सिंधु ने पिछले महीने स्विटजरलैंड के बासेल में हुई विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था।
वहीं, अगर पुरुष एकल मुकाबलों की बात करें तो बी साई प्रणीत ने थाईलैंड के सुपान्यु अविहिंगसेनोन को टक्कर के मुकाबले में 21-19, 21-23, 21-14 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। प्रणव जैरी चोपड़ा और एन सिक्की रेड्डी की मिश्रित युगल जोड़ी को हालांकि जर्मनी के मार्क लैम्सफस और इसाबेल हर्टरिच की जोड़ी के खिलाफ 12-21, 21-23 से शिकस्त झेलनी पड़ी। बता दें कि पुरुष एकल में किदांबी श्रीकांत और एचएस प्रणय ने चीन ओपन से अपना नाम वापस ले लिया था।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
