नई दिल्ली। शानदार फॉर्म में चल रही इंग्लैंड की टीम में भारत के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए बेन स्टोक्स को भी शामिल किया गया है। दरअसल इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ आगामी तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए अपनी 14 सदस्यीय टीम की घोषणा की है। इंग्लिश टीम में स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स की वापसी हुई है। आपको बता दें कि स्टोक्स हैमिस्ट्रंग चोट से उबरकर नेशनल टीम में वापसी कर रहे हैं जबकि चोट की वजह से क्रिस वोक्स अब भी टीम से बाहर हैं।
हालांकि भारत के खिलाफ 12 जुलाई से शुरू होने जा रही वनडे सीरीज में स्टोक्स को शामिल कर लिया गया है। स्टोक्स पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान चोटिल हो गए थे और इस वजह से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नहीं खेल सके।
लगभग पांच हफ्ते तक हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते मैदान से दूर रहे इंग्लिश ऑलराउंडर बेन स्टोक्स घरेलू टी-20 मैच के जरिए वापसी करेंगे। पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दौरान चोटिल हुए स्टोक्स को टीम इंडिया के खिलाफ होने वाली टी-20 सीरीज के पहले दो मैचों में शामिल नहीं किया गया है। स्टोक्स 5 जुलाई काउंटी क्रिकेट खेल सकते हैं। हालांकि वह पूरी तरह फिट हैं और भारत के खिलाफ आखिरी T20 इंटरनैशनल मैच में उतर सकते हैं।
खबरों की मानें तो टी20 ब्लास्ट में डरहम की तरफ से खेलते हुए इस मैच में अच्छा प्रदर्शन कर स्टोक्स 8 जुलाई को होने वाले तीसरे मैच में जगह पक्की कर सकते हैं। स्टोक्स टी20 ब्लास्ट में डरहम की तरफ से 5 जुलाई को यॉर्कशायर के खिलाफ मैच में बतौर स्पेशलिस्ट बल्लेबाज ही खेलेंगे। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने एक बयान में कहा, 'यदि बेन स्टोक्स प्रतिद्वंद्वी क्रिकेट में अपनी फिटनेस साबित करते हैं तो 8 जुलाई को भारत के खिलाफ तीसरे T20 मैच में खेल सकते हैं।'
इंग्लैंड की 14 सदस्यीय वनडे टीम इस प्रकार है :
इयोन मोर्गन (कप्तान), मोइन अली, जॉनी बेयरस्टो, जेक बॉल, जोस बटलर, टॉम कुरेन, एलेक्स हेल्स, लियाम प्लंकेट, आदिल राशिद, जोए रूट, जेसन रॉय, बेन स्टोक्स, डेविड विली और मार्क वुड।