ब्रिजटाउन (बारबाडोस), 9 मई (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम ने किंग्सटन ओवल में वेस्टइंडीज के साथ रविवार को खेले जा रहे ट्वेंटी-20 विश्व कप के सुपर-8 मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
पिच गीली होने के कारण मैच आधा घंटा विलंब से शुरू हुआ। टॉस से ठीक पहले अचानक आई बारिश ने पिच को गीला कर दिया था। बारबाडोस में बादलों का डेरा है, इस कारण मैच में आगे भी बारिश की संभावना जताई गई है।
दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला अहम है। दोनों टीमें सुपर-8 दौर में अपना-अपना पहला मैच हार चुकी हैं। भारत को सात मई को आस्ट्रेलिया के हाथों 49 रनों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था।
दूसरी ओर मेजबान टीम को श्रीलंका ने इसी दिन 57 रनों से पराजित किया था। इस लिहाज से सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए दोनों टीमों के लिए 'करो या मरो' की स्थिति है।
टीमें (संभावित) इस प्रकार हैं :
भारत : महेंद्र सिंह धौनी (कप्तान), मुरली विजय, गौतम गंभीर, सुरेश रैना, युवराज सिंह, यूसुफ पठान, हरभजन सिंह, रवींद्र जडेजा, जहीर खान, प्रवीण कुमार, आशीष नेहरा, विनय कुमार, दिनेश कार्तिक, रोहित शर्मा, पीयूष चावला।
वेस्टइंडीज : क्रिस गेल (कप्तान), सुलेमान बेन, ड्वेन ब्रावो, शिवनारायण चंद्रपॉल, नरसिंह देवनारायण, आंद्रे फ्लेचर, वेबल हाइंड्स, निकिता मिलर, केरन पोलार्ड, दिनेश रामदीन, रवि रामपॉल, केमर रोच, डेरन सैमी, रामनरेश सरवन और जेरोम टेलर।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।