कई भारतीय खिलाड़ियों की आलोचना के कारण बुकनन पर भड़के हरभजन सिंह. भारत के कुछ वर्तमान और पूर्व क्रिकेटरों पर ऑस्ट्रेलिया और कोलकाता नाइट राइडर्स के पूर्व कोच जॉन बुकनन की टिप्पणी से हरभजन सिंह बेहद नाराज़ हैं.
अपने ब्लॉग में हरभजन सिंह ने लिखा है कि वे तो ऑस्ट्रेलियाई लोगों की आलोचना के अभ्यस्त हो गए हैं लेकिन उन्हें आश्चर्य है कि बुकनन ने सुनील गावसकर और सचिन तेंदुलकर पर भी टिप्पणी की है.
हाल ही में रिलीज़ हुई अपनी किताब- द फ़्यूचर ऑफ़ क्रिकेट: द राइज़ ऑफ़ ट्वेन्टी-20 में भारतीय क्रिकेट के कई बड़े नामों की आलोचना की है. इनमें सुनील गावसकर, सचिन तेंदुलकर, सौरभ गांगुली, राहुल द्रविड़, वीवीएस लक्ष्मण, युवराज सिंह, हरभजन सिंह और विजय मालया भी हैं.
ब्रिटेन में अपने परिवार के साथ छुट्टियाँ मना रहे हरभजन सिंह ने अपने ब्लॉग में लिखा है- मैंने एक ऑनलाइन पोर्टल पर ये टिप्पणियाँ पढ़ी हैं. इस महान क्रिकेट कोच ने अपने महान कोचिंग तरीक़ों की तरह कुछ महान टिप्पणियाँ की हैं. मैं अपनी आलोचना से हैरान नहीं हूँ. ऑस्ट्रेलिया से आने वाली कोई भी टिप्पणी अब मुझे हैरान नहीं करती.
बुकनन ने अपनी किताब में लिखा है कि सचिन तेंदुलकर ट्वेन्टी-20 क्रिकेट के लिए फ़िट नहीं हैं, तो गावसकर को उन्होंने पूर्वाग्रह से ग्रस्त बताया है. बुकनन ने अपनी किताब में हरभजन सिंह और युवराज सिंह की भी कड़ी आलोचना की है.