भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा है कि अहमदाबाद के मोटेरा ग्राउंड जैसी पिच से टेस्ट क्रिकेट ख़त्म हो जाएगा.
भारत और श्रीलंका के बीच मोटेरा में हुआ मैच ड्रॉ हो गया था. इस टेस्ट में गेंदबाज़ विकेट लेने को तरसते रहे जबकि बल्लेबाज़ों ने जम कर रन बनाए.
मैच के बाद पत्रकारों से बातचीत में हरभजन सिंह ने कहा, "ऐसी पिचों के कारण टेस्ट क्रिकेट ख़त्म हो जाएगा. ये पिच बल्लेबाज़ों के लिए ही थी, गेंदबाज़ों के लिए इसमें कुछ नहीं था."
भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और श्रीलंका के कप्तान कुमार संगकारा ने उम्मीद जताई थी कि आख़िरी दो दिन गेंदबाज़ों को इस विकेट से मदद मिलेगी. लेकिन ऐसा हुआ नहीं.
वाजिब चिंता
भारत की ज़मीन पर खेले गए पिछले 12 टेस्ट मैचों में से सात ड्रॉ रहे हैं. इन 12 टेस्ट मैचों के दौरान एक तिहरा शतक, छह दोहरे शतक और 32 शतक लग चुके हैं.
अहमदाबाद टेस्ट से निराश नज़र आ रहे हरभजन ने कहा कि भारत में अपने करियर को लेकर गेंदबाज़ों की चिंता वाजिब है.
हरभजन सिंह ने कहा, "ये सिर्फ़ मेरी बात नहीं है. कम से कम मैंने दूसरे और तीसरे दिन गेंदबाज़ी तो की. महान मुरली को तो पाँचवें दिन भी मुश्किल हो रही थी."
कप्तान धोनी ने तो यहाँ तक कह दिया कि वे मोटेरा जैसी पिच पर फिर खेलना नहीं चाहेंगे.