नई दिल्ली। आईपीएल सीजन-12 ऐसे मोड़ पर आ चुका है जहां टीम को एक हार प्लेऑफ की दाैड़ से बाहर कर सकती है। इसी बीच किंग्स इलेवन पंजाब(Kings XI Punjab) को झटका लगा है। उनका मिस्ट्री गेंदबाज चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है। पंजाब ने एक बयान में बुधवार को पुष्टि करते हुए कहा कि स्पिनर वरुण चक्रवर्ती(Varun Chakravarthy) चोट के कारण आईपीएल के 12वें सीजन से बाहर हो गए हैं।
फ्रेंजाइजी के मुताबिक वरुण सीजन की शुरुआत में लगी चोट से पूरी तरह उबर नहीं सके और अब वह टीम के बाकी बचे मैचों में नहीं खेल सकेंगे। फ्रेंजाइजी ने कहा है कि तमिलनाडु निवासी वरूण को रिलीज किया जा रहा है और वह घर पर रहते हुए स्वास्थ्य लाभ लेंगे। वरूण को 8.4 करोड़ में किंग्स इलेवन पंजाब ने अपनी टीम के साथ जोड़ा था। वरूण अप्रैल महीने के शुरुआत में चेन्नई सुपर किंग्स के मैच से पहले प्रैक्टिस करते हुए चोटिल हो गए थे। इसके बाद उन्हें टीम की ओर से खेलने का मौका नहीं मिला था।
वरुण को इस सीजन में सिर्फ 1 ही मैच खेलने का माैका मिला है, जिसमें वह खूब पीटे थे। उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेले एकमात्र मुकाबले में 3 ओवर में 1 विकेट लेकर 35 रन दिए थे। बता दें कि पिछले साल आईपीएल नीलामी में वरुण चक्रवर्ती राजस्थान के जयदवे उनादकट के साथ संयुक्त रुप से सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ी थे। पंजाब की टीम 12 मैचों में 10 अंकों के साथ अंक तालिका में 7वें नंबर पर काबिज है। टीम को हर हार में आखिरी 2 मुकाबले जीतने होंगे तभी अगर-मगर के फेर में फंसकर प्लेऑफ में पहुंच सकती है। पंजाब का अगला मुकाबला 3 मई को आईएस बिंद्रा स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ होगा जबकि उनका अंतिम मैच मोहाली में 5 मई को खेला जाएगा जिसमें पंजाब की टक्कर चेन्नई सुपर किंग्स की टीम से होगी।