नई दिल्लीः महिला क्रिकेट के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स में जाना एक बड़ा कदम है क्योंकि क्रिकेट इस तरह के इवेंट में आमतौर पर हिस्सा नहीं लेता है। 1998 में एक बार पुरुष क्रिकेट टीम इन गेम्स में हिस्सा ले चुकी है। अब बर्मिंघम 2022 के कॉमनवेल्थ गेम्स में महिला क्रिकेट टीमें हिस्सा लेंगी। ये मुकाबले अगले साल 29 जुलाई से एजबेस्टन स्टेडियम में होंगे। गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले 7 अगस्त से खेले जाएंगे।
बर्मिंघम 2022 के जरिए क्रिकेट का टी20 फॉर्मेट पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स में खेला जाएगा और साथ ही महिला क्रिकेट भी पहली बार इतने बड़े मंच पर खेल रही होगी।
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड के मुताबिक पहला मैच भारत और ऑस्ट्रेलिया का होगा जबकि पाकिस्तान की टीम बारबाडोस से मुकाबला करेगी। बारबाडोस वेस्टइंडीज की ही एक टीम है और यह कॉमनवेल्थ गेम्स में भाग लेगी।
मेजबान देश इंग्लैंड की टीम पहली बार 30 जुलाई को खेलेगी। उनका सामना क्वालिफाइंग टूर्नामेंट के विजेता से होगा। यह क्वालिफायर प्रतियोगिता 2022 की शुरुआत में होगी। इस प्रतियोगिता के बाद 8 क्वालिफायर टीमें हो जाएंगी जिनका पताल आपको जनवरी 2022 के अंत तक लग जाएगा।
इसके बाद इंग्लिश टीम शुरुआती सेशन में 2 अगस्त को साउथ अफ्रीका के साथ खेलेगी और इसके बाद एक तीसरा मैच 4 अगस्त को न्यूजीलैंड के खिलाफ होगा।
इसके अलावा भारत का पाकिस्तान के खिलाफ मैच 31 जुलाई को होगा और ऑस्ट्रेलिया का पाकिस्तान के साथ मैच 3 अगस्त को होगा।
आईसीसी के एक्टिंग चीफ एक्जिक्यूटिव ज्योफ एलार्डिस ने कहा कि, हमने पिछले कुछ सालों में महिला क्रिकेट में जबरदस्त उछाल देखा है और कॉमनवेल्थ गेम्स निश्चित तौर पर एक बड़ा पड़ाव है। मैं आईसीसी की ओर से कॉमनवेल्थ गेम्स फेडरेशन को उनके पूरे सहयोग के लिए शुक्रिया कहना चाहूंगा और हम बर्मिंघम 2022 में क्रिकेट के कुछ रोमांचक मैचों की ओर देख रहे हैं।