
क्या 2024 में चुनावी ताल ठोंकेंगे धोनी?
धोनी के संन्यास लेने का ऐलान करने के अगले दिन ही बीजेपी के राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने उन्हें करियर की दूसरी पारी राजनीति की विकेट पर खेलने का सुझाव दिया। हालांकि उन्होंने यह साफ नहीं किया कि उन्हें बीजेपी के टिकट पर ही चुनाव लड़ना चाहिये लेकिन उनके इशारे से साफ है कि वह क्या कहना चाहते हैं।
उन्होंने ट्वीट किया, 'एमएस धोनी क्रिकेट से रिटायर हो रहे हैं और किसी चीज से नहीं। विषमताओं से लड़ने की उनकी प्रतिभा और एक टीम का नेतृत्व करने की जो क्षमता उन्होंने क्रिकेट में दिखाई है, उसकी सार्वजनिक जीवन में जरूरत है। उन्हें 2024 में लोकसभा चुनाव लड़ना चाहिए।'

दो साल पहले धोनी से मिले थे शाह
उल्लेखनीय है कि धोनी कई मौकों पर बीजेपी नेताओं के साथ नजर आ चुके हैं। साल 2018 में जब बीजेपी के तत्कालीन अध्यक्ष अमित शाह ने संपर्क से समर्थन अभियान का आयोजन किया था तो उस दौरान उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी से भी मुलाकात की थी।
धोनी के संन्यास पर भी शाह ने ट्वीट कर लिखा, 'मैं आशा करता हूं कि वह आने वाले दिनों में भारतीय क्रिकेट को मजबूत करते रहेंगे। भविष्य की योजनाओं के लिए उन्हें शुभकामनाएं। वर्ल्ड क्रिकेट हेलिकॉप्टर शॉट को मिस करेगा माही!'

धोनी ने अचानक किया संन्यास का ऐलान
गौरतलब है कि एमएस धोनी ने 15 अगस्त की शाम को अचानक ही संन्यास का ऐलान करते हुए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया। अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर धोनी ने लिखा, 'अब तक आपके प्यार और सहयोग के लिये धन्यवाद। शाम सात बजकर 29 मिनट से मुझे रिटायर्ड समझिए।'
आपको बता दें कि धोनी अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलेंगे जो 19 सितंबर से यूएई में होनी है। धोनी ने भारत के लिये आखिरी मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछले साल जुलाई में वर्ल्ड कप सेमीफाइनल खेला था। धोनी उस तनावपूर्ण मैच में 50 रन बनाकर रन आउट हो गए थे। संयोग देखिए कि वनडे करियर के पहले मैच में भी धोनी रन आउट हुए थे।


Click it and Unblock the Notifications
