हैमिल्टन। आयरलैंड को हराने का बाद कैप्टन धोनी ने कहा कि वो इस जीत का श्रेय गेंदबाजों को देना चाहेंगे जिन्होंने सधी हुई बॉलिंग से खेल हमारे हक में कर दिया। धोनी ने कहा कि अब तक खेल गये सभी पांचों मैचों में हमारे गेंदबाजों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है और इसी का नतीजा है कि आज हमारी टीम पूरी तरह से फिट है।
मुझे यह कहने में जरा भी गुरेज नहीं कि भारतीय गेंदबाजों ने विश्व कप में अपना स्तर काफी ऊंचा कर लिया है और इसलिए वे लगातार पांच मैचों में प्रतिद्वंद्वी टीमों को आउट करने में कामयाब हुए है।
आपको बता दें कि पाकिस्तान से लेकर आयरलैंड तक भारतीय गेंदबाजों ने अपना कहर बरसाया हुआ है तभी तो विश्वकप 2015 के टॉप गेंदबाजों में भारतीय बॉलर मोहम्मद शमी शामिल है। शमी के अलावा मनीष शर्मा, आर अश्विन और उमेश यादव ने भी लाजवाब बॉलिंग की है।
धोनी ने भारतीय गेंदबाजों की तारीफ
आयरलैंड को आठ विकेट से हराने के बाद कैप्टन धोनी ने मीडिया से कहा कि एक कोच मुझसे कह रहे थे कि भारतीय गेंदबाजों ने पिछले पांच मैचों में 50 विकेट हासिल किए हैं। यह एक अच्छी शुरुआत है। हमारे गेंदबाज अच्छा काम कर रहे हैं। यह कमाल की उपलब्धि है। गेंदबाजों ने खुद में बहुत सुधार किया है। केवल तेज गेंदबाजों ने ही नहीं, बल्कि स्पिन गेंदबाजों ने भी अब तक अच्छा कार्य किया है।
मालूम हो कि विश्व कप से पूर्व आस्ट्रेलिया में टेस्ट श्रृंखला और त्रिकोणीय श्रृंखला में खराब प्रदर्शन के लिए भारतीय गेंदबाजों की खूब आलोचना हुई थी लेकिन अब गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन ने सबके मुंह पर ताले लगा दिये हैं।