ब्रिटेन के समाचार पत्र 'टेलीग्राफ' के मुताबिक सोमवार को अभ्यास सत्र के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए फ्लिंटॉफ ने कहा, "भारत जाने का फैसला किसी एक का नहीं है। हमने मिलकर यह फैसला किया है। भारत से लौटने का फैसला भी सबने मिलकर किया था और अब वहां जाने का फैसला भी सामूहिक तौर पर किया गया है।"
अपने तथा तेज गेंदबाज स्टीव हर्मिसन के फैसले को लेकर फ्लिंटॉफ ने कहा कि क्रिकेट और टीम हित में उन्होंने यह फैसला लिया है लेकिन पिछले तीन दिन उनके लिए व्यक्तिगत तौर पर काफी महत्वपूर्ण रहे हैं।
फ्लिंटॉफ ने कहा, "जब तक हम अभ्यास करते हैं, सब कुछ सामान्य लगता है लेकिन जैसे ही खिलाड़ी अकेले होते हैं, भारत के हालात और परिजनो का दबाव उन पर हावी होने लगता है। इसे स्वीकार करने में कोई परेशानी नहीं।"
फ्लिंटॉफ ने कहा कि एकदिवसीय श्रंखला में करारी शिकस्त झेलने के बाद उनकी टीम टेस्ट श्रंखला मे भारतीय टीम को कड़ी टक्कर देगी।
अपने साथियों में 'फ्रेडी' नाम से मशहूर हरफनमौला खिलाड़ी ने कहा, "भारत में जीत हासिल करना हमेशा कठिन रहा है। हमने एकदिवसीय श्रंखला गंवाई है लेकिन इससे टेस्ट श्रंखला में हमारे प्रदर्शन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। हम अपनी पूरी क्षमता के साथ भारत को पराजित करने के लिए खेलेंगे।"
उल्लेखनीय है कि इंग्लैंड टीम ने सोमवार को घोषणा की कि वह अपनी पूरी ताकत के साथ गुरुवार से होने वाले चेन्नई टेस्ट मैच में हिस्सा लेने के लिए भारत जाएगी। हालांकि इंग्लिश टीम के दूसरे मैच के आयोजन स्थल मोहाली जाने को लेकर अभी भी संदेह बरकरार है।
पाकिस्तान की अंतर्राष्ट्रीय सीमा के करीब स्थित होने से सुरक्षा कारणों से अगर मोहाली की मेजबानी को हरी झंडी नहीं मिलती है तो फिर दूसरा मैच बेंगलुरू या फिर दिल्ली में आयोजित कराया जा सकता है।
इंग्लिश टीम सोमवार को अबूधाबी से चेन्नई के लिए उड़ान भरेगी। इंग्लैंड की टीम शनिवार से ही अबूधाबी में अभ्यास कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।