श्रीलंका की टीम ने विश्व कप के अपने पहले मैच में कनाडा के ख़िलाफ़ रनों का अंबार लगा दिया है. पहले बल्लेबाज़ी करते हुए श्रीलंका ने निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट के नुक़सान पर 332 रन बनाए हैं.
श्रीलंका की ओर से महेला जयवर्धने ने शतक लगाया, तो कप्तान कुमार संगकारा दुर्भाग्यशाली रहे और 92 रन बनाकर आउट हुए.
तिलकरत्ने दिलशान ने भी अच्छी पारी खेली और 50 रन बनाकर आउट हुए.
हम्बनटोटा में हो रहे इस मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी चुनी. उपुल थरंगा और तिलकरत्ने दिलशान ने पारी की अच्छी शुरुआत की.
सबसे पहले आउट हुए थरंगा. वे 19 के निजी स्कोर पर रन आउट हो गए. जल्द ही दिलशान भी 50 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए.
संगकारा शतक लगाने से चूक गए
इसके बाद कप्तान कुमार संगकारा और महेला जयवर्धने ने तीसरे विकेट के लिए बेहतरीन साझेदारी की. दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 179 रन जोड़े.
दोनों के आगे कनाडा के गेंदबाज़ों की एक न चली. लेकिन शतक के क़रीब दिख रहे संगकारा ने ग़लती की और 92 रन के निजी स्कोर पर जॉन डेविसन की गेंद पर आउट हो गए.
इसके तुरंत बाद महेला जयवर्धने ने अपना शतक तो पूरा किया लेकिन वे ठीक 100 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद अजंता मेंडिस ने तेज़ी से 21 रन बनाकर स्कोर को 332 रन तक पहुँचाने में मदद की.
कनाडा की ओर से हरवीर बैदवान और जॉन डेविसन ने दो-दो विकेट लिए. रिज़वान चीमा को एक विकेट मिला.