नई दिल्ली(विवेक शुक्ला) क्रिकेट के दीवाने बांग्लादेश टीम के विश्वकप 2015 में इंग्लैंड को हराने के बाद शुरू जश्न लगता है ढाका से लेकर दिल्ली तक पहुंच गया हैं। राजधानी स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन में उस जीत का कल रात भी जश्न मना। कल हाईकमिशनर की तरफ से राजधानी के कुछ खास लोगों को पार्टी दी गई। इस दौरान लजीज भोजन परोसा गया और मैच के खास अंश टीवी पर दिखाए जाते रहे।
अब क्वार्टर फाइनल में
बांग्लादेश हाई कमीशन के एक स्टाफर महमूद आलम ने फोन पर कहा कि , मुझे यकीन नहीं हो रहा कि हम विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए। अब हमें कोई कमजोर टीम नहीं कहेगा।
काम हुआ पंगु
जानकारों ने बताया कि जिस दिन बांग्लादेश का मैच होता है उस दिन हाई कमीशन में काम पंगु हो जाता है। सारा स्टाफ मैच को देखने में भी व्यस्त रहता है।
एक और धमाके की आशा
हाई कमीशन की एक स्टाफर ने अपना नाम गुप्त रखने की शर्त पर बताया कि अब यहां के बांग्लादेशी स्टाफ को उम्मीद है कि क्वार्टर फाइनल में उनके देश की टीम एक और धमाका करेगी। यानी वह बारत को हरा देगी।
बता दें कि इंग्लैड पर जीत के बाद समूचे बांग्लादेश में जश्न का माहौल बन गया। बांग्लदाश की टीम ने इंग्लैंड को हराकर विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की। प्रशंसकों ने इंग्लैंड पर 15 रन की इस जीत को देश की सबसे बडी खेल सफलता करार दिया है।
सारा माहौल क्रिकेटमय
दरअसल राजधानी स्थित उन सभी देशों के उच्चायोगों में इन दिनों कामकाज ढीला चल रहा है,जिनकी टीमें वर्ल्ड कप में भाग ले रही हैं। पाकिस्तान और श्रीलंका उच्चायोगों में भी कामकाज इन दिनों सामान्य तरीके से नहीं चल रहा । सारा माहौल क्रिकेटमय हो चुका है।