ब्रिटेन के समाचार पत्र 'संडे टेलीग्राफ' से बातचीत के दौरान ली ने खुलासा किया कि वे आस्ट्रेलिया के महान तेज गेंदबाज डेनिस लिली के 355 विकेटों के रिकार्ड को तोड़ने के बाद कुल 400 विकेटों का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।
वर्ष 1999 में टेस्ट क्रिकेट में पर्दापण करने वाले ली के लिए वर्ष 2008 काफी सफल रहा है। इस वर्ष उन्होंने कुल 58 विकेट लिए हैं। किसी एक सत्र में यह उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
ली ने कहा, "मैं अभी कम से कम पांच साल और खेलना चाहता हूं। शारीरिक और मानसिक तौर पर मैं इसके लिए तैयार हूं। तेज गेंदबाज होने के नाते मेरे साथ कोई अनहोनी नहीं हुई तो निश्चित तौर पर मैं 2013 तक सक्रिय रहूंगा।"
ली ने कहा कि उनकी इच्छा है कि संन्यास लेने से पहले उनके नाम कम से कम 400 विकेट दर्ज हों। बकौल ली, "मेरे नाम अभी 309 विकेट हैं। मैं लिली के 355 विकेटों के काफी करीब हूं। मेरी इच्छा है कि मेरे नाम कम से कम 400 विकेट जरूर दर्ज हों।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।