लंदन, 10 जून। भारत-दक्षिण अफ्रीका मुकाबले से पहले दक्षिण अफ्रीकी कप्तान एबी डिविलियर्स विराट कोहली की जमकर तारीफ की है। मिस्टर 360 के नाम के मशहूर दुनिया के सबसे ताबड़तोड़ बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने कहा है कि वे भारतीय कप्तान विराट कोहली की बहुत इज्ज करते हैं।
गौरतलब है कि आईपीएल में एबी डिविलियर्स विराट कोहली की कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की तरफ से खेलते हैं। करो या मरो मैच में दोनों टीमें रविवार को आपस में भिड़ेंगी। आपको बता दें कि टूर्नामेंट का पहला मैच जीतने वाली भारत और दक्षिण अफ्रीका ने अपना दूसरा मैच गंवा दिया जिसकी वजह से अब सेमीफाइनल के लिए दोनों टीमों में कड़ी टक्कर है। जहां साउथ अफ्रीका को पाकिस्तान ने बड़ा उलटफेर करते हुए हराया था तो वहीं भारत को श्रीलंका ने बड़े अंतराल से हराया था।
हालांकि जहां कोहली ने अपने पहले मैच में नाबाद 81 रन बनाकर भारत को मैच जितवाया था तो वहीं डिविलियर्स का बल्ला अभी तक खामोश है। डिविलियर्स ने दोनों मैंचो में 4 और 2 रन बनाए हैं। मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब डिविलियर्स से पूछा गया कि आपके कोहली के प्रति क्या विचार हैं तो उन्होंने कहा कि- विराट पर मेरे विचार सिंपल हैं, वह एक विश्व स्तर के बल्लेबाज हैं और एक शीर्ष क्लास खिलाड़ी हैं।
पढ़ेंः- Preview: सेमीफाइनल से पहले भारत-अफ्रीका में होगी सबसे बड़ी जंग
डिविलियर्स ने कहा, "जब वह (कोहली) शुरू हो जाता है तब उसे रोकना मुश्किल होता है। हमारी रणनीति में कोहली को पारी की शुरुआत में ही जल्दी आउट करने का प्रयास करना होगा। यह सभी विश्व स्तरीय बल्लेबाजों के लिए लागू होता है। यदि आप उन्हें जल्दी से नहीं आउट कर सकते हैं, तो वे आपको नुकसान पहुंचा सकते हैं।"
डिविलियर्स ने कहा कि "मैंने आरसीबी के लिए कई बार उसके साथ खेला है। यहां तक कि मैं मैदान से ज्यादा मैदान से बाहर उनका सम्मान करता हूं। वह अच्छे दिल के साथ अच्छे व्यक्ति हैं। कोहली के लिए मेरे दिल में मैदान और मैदान के बाहर बहुत सम्मान है।"
आपको बता दें कि इससे पहले विराट कोहली ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि उनकी टीम की रणनीतियों में डिविलियर्स को जल्दी आउट करने की योजना होगी। उन्होंने कहा कि अगर डिविलियर्स का बल्ला चल गया तो फिर उन्हें कोई नहीं रोक सकता।