मोहाली, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दो मैचों में लगातार पराजित होने वाली मोहाली की टीम 'किंग्स इलेवन पंजाब' शुक्रवार को 'मुंबई इंडियंस' के साथ भिड़ेगी। मोहाली टीम के लिए यह मुकाबला काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मोहाली के पंजाब क्रिकेट एसोसिएसन (पीसीए) स्टेडियम में दोनों टीमों के बीच शुक्रवार को मुकाबला होगा। घरेलू मैदान में मोहाली टीम के लिए यह मैच काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासकर कप्तान युवराज सिंह पर सभी की निगाहें टिकी हुई है।
गौरतलब है कि मोहाली टीम आईपीएल के अपने पहले मैच में महेन्द्र सिंह धोनी की टीम 'चैन्नई सुपर किग्स' के हाथों पराजित हुई थी। इसके बाद सोमवार को जयपुर में 'राजस्थान रोयल्स' के हाथों भी मोहाली की 'किंग्स इलेवन पंजाब' पराजित हुई।
'किंग्स इलेवन पंजाब' में वैसे तो कई दिग्गज खिलाड़ी मौजूद हैं लेकिन दोनों मैचों में उसके बल्लेबाज और गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। युवराज सिंह के अलावा मोहाली टीम में ब्रेट ली, कुमार संगकारा, पीयूष चावला, महेला जयवर्धने, एस. श्रीसंत और इरफान पठान जैसे प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं।
पीसीए के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने कहा, "हमारी टीम भले ही दो मैच हार चुकी है लेकिन हमें विश्वास है कि आने वाले सभी मैचों में हमारी टीम अच्छा प्रदर्शन करेगी।" मोहाली टीम की प्रायोजक और बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा भी शायद शुक्रवार को होने वाले मैच में अपने टीम से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद कर रही होंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।