ओवल। श्रीलंका ने बुधवार को ICC चैम्पियंस ट्रॉफी के ग्रुप-बी के मुकाबले में भारत को सात विकेट से हरा दिया। द ओवल मैदान पर खेले गए इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका के सामने 322 रनों का लक्ष्य रखा था जिसे श्रीलंका ने अपने बल्लेबाजों के संयुक्त प्रदर्शन के दम पर आठ गेंद शेष रहते हुए तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया।
इससे पहले भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (125) की बेहतरीन शतकीय पारी और रोहित शर्मा (78) तथा महेंद्र सिंह धौनी (63) के अर्धशतकों की बदौलत भारत ने टॉस हारकर बल्लेबाजी का आमंत्रण मिलने पर पहली बल्लेबाजी करते हुए पूरे 50 ओवर खेलने के बाद छह विकेट खोकर 321 रन बनाए थे। बेहतरीन बल्लेबाजी के चलते शिखर धवन को हटके स्टाइलिश प्लेयर ऑफ द मैच से नवाजा जाना गलत नहीं होगा।
शिखर धवन चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा तीन शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं। वनडे में शिखर धवन का ये दसवां शतक था। 77 पारियों में उनका दसवां शतक है। इस मामले में वो सिर्फ दक्षिण अफ्रीका के दो बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक और हाशिम अमला से पीछे हैं। इस टूर्नामेंट के 2013 के संस्करण में धवन ने कुल पांच मैचों की पांच पारियों में दो शतक और एक अर्धशतक की मदद से कुल 363 रन बनाए थे।
श्रीलंका के खिलाफ लगाया गया यह शतक उनका इस टूर्नामेंट में तीसरा शतक है। उनके अलावा भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली, वेस्टइंडीज के क्रिस गेल और दक्षिण अफ्रीका के हर्शल गिब्स के नाम इस टूर्नामेंट में तीन-तीन शतक हैं। धवन ने इस मैच में 128 गेंदों में 15 चौके और एक छक्के की मदद से 125 रनों की पारी खेली जो भारत की तरफ से इस टूर्नामेंट में चौथा सर्वोच्च स्कोर है।
चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की तरफ से सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड गांगुली के नाम है। उन्होंने 13 अक्टूबर 2000 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 141 रन बनाए थे। धवन के पास इन तीनों बल्लेबाजों से आगे निकलने का मौका है। अगर वह इस टूर्नामेंट में एक और शतक लगाते हैं तो इस बड़े टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। धवन ने इस टूर्नामेंट में अभी तक सात मैचों की सात पारियों में 92.66 की औसत से 556 रन बनाए हैं। इसमें तीन शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। धवन ने पहले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतक जमाया था।
चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा शतक
3 शिखर धवन (सात पारियां)
3 हर्शल गिब्स (दस पारियां)
3 सौरव गांगुली (11 पारियां)
3 क्रिस गेल (17 पारियां)
वनडे में सबसे तेजी से दस शतक जमाने वाले बल्लेबाज
क्विंटन डिकॉक (55 पारियां)
हाशिम अमला (57 पारियां)
शिखर धवन (77 पारियां)