मेलबर्न, 22 मई (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज के साथ गुरुवार को शुरू हुए टेस्ट मैच में चोटिल होने के कारण कई आस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के नहीं खेलने का ठीकरा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) पर फोड़ा जा रहा है।
आस्ट्रेलियाई टीम के छह खिलाड़ी चोटिल हैं। सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन चोटिल होने के कारण पहले टेस्ट में नहीं खेल रहे हैं। आस्ट्रेलियाई टीम के अधिकारियों का मानना है कि आईपीएल में खेलने के कारण ये खिलाड़ी चोटिल हुए हैं।
समाचार पत्र 'सिडनी मॉर्निग हेराल्ड' ने इस संबंध में खबर प्रकाशित की है। आस्ट्रेलियाई टीम के फिजीयोथेरेपिस्ट एलेक्स काउंटोयूरिस ने पुष्टि करते हुए कहा कि टीम के आधे से अधिक खिलाड़ी चोटिल हैं। उन्होंने कहा कि कई खिलाड़ियों को मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या है।
उन्होंने कहा, "यदि मैं ईमानदारी से कहूं तो कई खिलाड़ियों को इस प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे काफी कम खिलाड़ी होंगे जिन्हें मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या नहीं होगी और मैं ऐसे खिलाड़ियों को भाग्यशाली कहूंगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।