नई दिल्ली, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। केई निसीकोरी ने रिवर्स सिंगल मुकाबले में भारत के महेश भूपति हराकर को हराकर डेविस कप के एशिया-ओशनिया ग्रुप- ए के मैच में जापान को पहली जीत दिलाई है।
गौरतलब है कि भारत ने पहले तीनों मैच जीत कर 3-0 की अपराजेय बढ़त के साथ विश्व ग्रुप में प्रवेश कर लिया है।
रविवार को 18 वर्षीय निसीकोरी ने भूपति को सीधे सेटों में 7-6,6-1 से हरा दिया। भूपति ने अपना आखिरी सिंगल मुकाबला 2001 में डेविस कप में जापान के ताकाओ सुजुकी के खिलाफ खेला था।
शनिवार को लिएंडर पेस के साथ युगल मुकाबला जीतने वाले भूपति के पास 118वीं वरीयता वाले जापानी खिलाड़ी के ग्राउंड स्ट्राक और बेसलाइन खेल का कोई जवाब नहीं था।
भूपति का सर्व और वाली गेम तथा उनकी खराब सर्विस ने मैच से उनको बाहर कर दिया। भूपति ने पांच डबल फाल्ट भी किए।
गौरतलब है कि भारत के रोहन बोपन्ना और प्रकाश अमृतराज ने शुक्रवार को एकल मुकाबले जीते थे। शनिवार को लिएंडर पेस और महेश भूपति की जोड़ी ने युगल मुकाबला जीत कर भारत को 3-0 की अपअराजेय बढ़त दिला दी।
अपनी स्थिति सुरक्षित देखकर मेजबानों ने बोपन्ना और अमृतराज के स्थान पर पेस और भूपति को रिवर्स सिंगल मुकाबलों में उतारने का फैसला किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।