ओवल। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अहम मुकाबले में जिस तरह से भारतीय गेंदबाजों और फील्डर्स ने अपना जलवा दिखाया उसके सामने अफ्रीकी बल्लेबाजों ने अपने हथियार डाल दिए। करो या मरो के इस अहम मुकाबले में एक बार फिर से दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज दबाव को झेल नहीं सके और महज 191 रनों के स्कोर पर पूरी टीम ढेर हो गई। टॉस जीतकर टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहील ने अफ्रीकी टीम को बल्लेबाजी का न्योता दिया और टीम के गेंदबाजों ने अपने कप्तान के फैसले को सही ठहराया।
अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके प्रोटीज
दक्षिण अफ्रीका की टीम ने शानदार शुरुआत की थी और 140 रन के स्कोर पर टीम ने सिर्फ 2 विकेट गंवाएं थे, लेकिन इसके बाद पूरी टीम महज 51 रन बनाकर पवेलियन पहुंच गई। इस दौरान अफ्रीकी टीम ने महज 98 गेंद का सामना करते हुए अपने 8 विकेट गंवा दिए। लेकिन दक्षिण अफ्रीका की पारी की जो अहम बात है वह यह कि टीम के तीन बल्लेबाज रन आउट होकर पवेलियन रवाना हुए, जो यह दिखाता है कि भारतीय फील्डर्स किस कदर मैदान में चुस्त थे।
ताश के पत्तों की तरह ढह गई नंबर वन अफ्रीका
पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका का शुरुआत धीमी रही। हालांकि ओपनर हाशिम अमला और क्विंटन डिकॉक ने पारी की शानदार शुरूआत की थी। अफ्रीका को पहला झटका 76 के स्कोर पर अमला के रूप में लगा। अमला 35 रन बनाकर अश्विन का शिकार हुए। अमला के बाद डिकॉक ज्यादा देर तक नहीं टिक सके और 53 रन बनाकर जडेजा का शिकार हुए। जडेजा ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। डिकॉक के बाद बल्लेबाजी करने आए मिस्टर 360 एबी डिविलियर्स के रनों का सूखा एक बार फिर जारी रहा। और रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। डिविलियर्स ने 12 गेंदों में 16 रन बनाए और उन्हें पांड्या के थ्रो पर धोनी ने अपने ही अंदाज में उन्हें रन आउट किया।
डिविलियर्स के रनों का सूखा जारी
डिविलियर्स के बाद बल्लेबाजी करने आए डेविड मिलर 1 रन बनाकर रन आउट हो गए। इसके अलावा डुप्लेसिस को पांड्या ने 36 रनों के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया। इसके बाद केवल डुमिनी ने ही दहाई का आंकड़ा छुआ बाकी कोई अफ्रीकी बल्लेबाज 5 रन से आगे नहीं बढ़ पाया। मोरिस (4), एंडिले (4), रबाडा (5) मोर्केल (0), ताहिर ने 1 रन बनाया। हालांकि डुमिनी 20 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की तरफ से भुवनेश्वर और बुमराह ने दो-दो विकेट लिए इसके अलावा अश्विन, पांड्या और जडेजा को एक-एक विकेट मिला।
आग उगल रहा है धवन का बल्ला
जीत के लिए 192 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरूआत शानदार रही। एक बार फिर फॉर्म में चल रहे शिखर धवन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 83 गेंदों में 78 रन बनाए। धवन को ताहिर ने आउट किया। हालांकि पिछले मैच में अर्धशतक लगाने वाले रोहित शर्मा इस बार बड़ी पारी नहीं खेल पाए और 12 रन बनाकर मोर्केल का शिकार बने।
कोहली की कप्तानी पारी और युवी का जीत का छक्का
इसके बाद भारत ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और बल्लेबाजी करने आए कप्तान कोहली ने अपने वनडे करियर का 41वां अर्धशतक जड़ा। कोहली 76 और युवराज सिंह 23 रन बनाकर नाबाद रहे। युवराज सिंह ने डुमिनी के 38वें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर भारत को ये मैच 8 विकेट से जिता दिया। इसी के साथ भारत सेमीफाइनल में पहुंच गया है। अब उसका मुकाबला बांग्लादेश से होगा। अफ्रीका की तरफ से केवल मोर्केल और ताहिर को एक-एक विकेट मिला। जसप्रीत बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।