सेमीफाइनल के लिए अपनी उम्मीदें जिंदा रखने के लिए टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने 8 विकेट खोकर 265 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम ने बड़ा उलटफेर करते हुए 47.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर 5 विकेट से मैच जीत लिया।
विलियमसन ने बनाया विश्व रिकॉर्ड
हालांकि इसके बाद न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए शानदार 57 रन बनाए। विलियमसन चैंपियंस ट्रॉफी में लगातार चार पारियों में 50 प्लस स्कोर बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। हालांकि अपनी 57 रनों की पारी को तेजी में नहीं बदल पाए और रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद रॉस टेलर 63 रन पर तस्कीन अहमद की गेंद पर मुस्ताफिजुर रहमान का शिकार बने। टेलर के बाद नील ब्रूम 36 रन बनाकर मोसादैक हुसैन का शिकार बने।
इसके बाद कोरी एंडरसन खाता भी नहीं खोल पाए और मोसादैक हुसैन का शिकार बने। एंडरसन के बाद नीशम ने थोड़ा टिक के खेलने की कोशिश की लेकिन उन्हें भी मोसादैक हुसैन ने अपने जाल में फसाकर आउट कर दिया। नीशम ने 23 रन बनाए। नीशम के बाद एडम मिल्ने को मुस्तफिजुर ने बोल्ड कर पवेलियन भेजा।
मोसादैक हुसैन बांग्लादेश के सबसे सफल गेंदबाज रहे
मिशेल सैंटनर 14 और टिम साउदी 10 रन बनाकर नाबाद रहे। बांग्लोदश की तरफ से मोसादैक हुसैन ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। इसके अलावा तस्कीन अहमद ने दो विकेट लिए। रुबेल और मुस्तफिजुर को एक-एक विकेट मिला। न्यूजीलैंड ने 8 विकेट खोकर 265 रन बनाए।
बांग्लादेश की शुरूआत रही बेहद खराब
जीत के लिए 266 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरूआत बेहद खराब रही। 33 के स्कोर पर बांग्लादेश के 4 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। बांग्लादेश का पहला विकेट पारी की शुरूआत में ही दूसरी गेंद पर गिरा। टूर्नामेंट के हाईएस्ट रन स्कोरर तमीम इकबाल को साउदी ने एलबीडब्ल्यू किया।
उसके बाद सब्बीर रहमान को भी साउदी ने ही तीसरे ओवर में पवेलियन भेज दिया। बांग्लादेश का चौथा विकेट 12वें ओवर में गिरा। मुश्फिकुर को मिलने ने आउट किया। हालांकि यहां से बांग्लादेश ने इतिहास रचना शुरू किया और जीत के ही दम ली।
शकिब और महमदुल्ला ने लिखा बांग्लादेश क्रिकेट का इतिहास
33 के स्कोर पर 4 विकेट गिरने के बाद बल्लेबाजी करने आए शाकिब अल हसन और महमदुल्ला ने बांग्लादेश के लिए इतिहास लिख दिया। दोनों ने मिलकर न केवल अपना-अपना शतक पूरा किया बल्कि बांग्लादेश को आसान सी जीत दिलाई। एक बार को तो लग रहा था कि बांग्लादेश ये मैच बड़े अंतराल से हार जाएगी लेकिन दोनों ने मिलकर बांग्लादेश क्रिकेट के इतिहास की सबसे बड़ी पारी (224 रनों की साझेदारी) खेली।
महमदुल्ला के शतक से पहले ही जिताने को आतुर थे शाकिब
शाकिब अल हसन ने गेंदों में चौके व 1 छक्के की मदद से शतक जड़ा। 46वें ओवर में शाकिब ने बोल्ट की पहली दोनों गेंदों पर लगातार दौ चौके जड़े हालांकि तीसरी गेंद पर लंबा हिट लगाने के चक्कर में बोल्ड हो गए। एक बार को लगा कि दूसरे छोर पर 98 रन बनाकर खड़े महमदुल्ला का शतक पूरा होने से पहले ही शाकिब जीत देंगे हालांकि उनके आउट होने के बाद महमदुल्ला ने चौका लगाकर अपना शतक पूरा किया।
महमदुल्ला ने लगाया विजयी चौका
महमदुल्ला ने नाबाद 107 गेंदों में 2 छक्का व 8 चौकों का मदद से 102 रन बनाए। इसके अलावा मोस्सादेक 4 गेंदों में 7 रन बनाकर नाबाद रहे। बांग्लादेश ने ये लक्ष्य 47.2 ओवर में हासिल कर लिया। पारी को संभालकर जीत की दहलीज तक ले जाने वाले शाकिब को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
अब ये रहा सेमीफाइनल का गणित
बांग्लादेश ने हालांकि अपनी तरफ से तो काम पूरा कर दिया है लेकिन अब उसे सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच होने वाले मुकाबले पर निर्भर करना होगा। न्यूजीलैंड पर जीत के साथ बांग्लादेश के 3 अंक हो गए हैं। उधर दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलिया के दोनो मैच रद्द होने से उसके पास दो अंक हैं। यदि ऑस्ट्रेलिया इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबला जीत जाता है तो सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएग।
यदि इंग्लैंड ऑस्ट्रेलिया को हरा देता है तो बांग्लादेश का सेमीफाइनल में पहुंचना तय है। एक कंडीशन और है। दरअसल ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड के बीच मैच पर बारिश का साया मडराया हुआ है। यदि बारिश के कारण मैच बिना किसी नतीजे के रद्द होता है तो फिर ऑस्ट्रेलिया के पास भी 3 अंक हो जाएंगे। फिर फैसला नेट रन रेट के आधार पर होगा। जिस भी टीम का रन रेट ज्यादा होगा उसे सेमीफाइनल खेलने का मौका मिलेगा।