ग्रुप बी के पहले और चैंपियंस ट्रॉफी के चौथे मुकाबले में वनडे की नंबर वन टीम साउथ अफ्रीका ने श्रीलंका को 96 रनों से हराकर अपने सफर का आगाज किया है।
श्रीलंका के लिए टॉस जीतना भी फायदेमंद नहीं रहा। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका के लिए हाशिम अमला और क्विंटन डिकॉक ने धीमी शुरईत की। दोनों ने केवल 10 ओवर में 31 रन ही जोड़े। हालांकि क्विंटन डिकॉक ज्यादा देर तक नहीं टिक पाए और उन्हें 13वें ओवर में प्रदीप चलता किया। डिकॉक ने 23 रन बनाए।
हालांकि इसके बाद अफ्रीका ने पारी को संभाले रखा। दूसरे विकेट के लिए हाशिम अमला और डुप्लेसी के बीच 145 रन की साझेदारी हुई। श्रीलंका को दूसरी सफलता प्रदीप ने ही दिलाई। 34वें ओवर में डुप्लेसिस को प्रदीप को दिनेश चांदीमल के हाथों कैच लपकवाकर पवेलियन भेजा।
डुप्लेसिस ने 75 रन बनाए। हालांकि इसके बाद कप्तान मिस्टर 360 डिविलियर्स नहीं चल पाए। डिविलियर्स डुप्लेसिस के बाद अगले ओवर में प्रसन्ना की गेंद पर कैच आउट हो गए। डिविलियर्स केवल 4 रन ही बना सके।
हालांकि हाशिम अमला ने फिर से एक नया रिकॉर्ड बना दिया। अमला ने 112 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह उनका 25वां वन-डे शतक था। अमला ने सबसे तेज 25 शतक बनाने का रिकॉर्ड बनाया है और एक बार फिर उन्होंने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा है। अमला ने सबसे कम (151) पारियों में 25 शतक बनाए इससे पहले भारतीय कप्तान विराट कोहली ने 162 पारियों में 25 शतक बनाए थे।
हालांकि शतक बनाने के बाद अमला 102 रन पर रन आउट हो गए। अंत में मॉरिस और डुमिनी ने तेजी से रन बनाए। मॉरिस ने 20 रन बनाए जबकि डुमिनी 38 रन बनाकर नाबाद रहे। साउथ अफ्रीका ने निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 299 रन बनाए।
जवाब में जीत के लिए मिले 300 रनों के लक्ष्य को हासिल करने उतरी श्रीलंका की शुरूआत शानदार रही। श्रीलंकाई टीम के लिए उपुल थरंगा और डिकवेला ने पारी की शुरुआत तेजी से की। दोनों ओपनर बल्लेबाजों ने 6.4 ओवर में 50 रन बनाए। हालांकि तेजी से रन बनाने के चक्कर में 69 रन के स्कोर पर डिकवेला मोर्केल की गेंद का शिकार हो गए।
डिकवेला ने 33 गेंद में 41 रन बनाए। 12वें ओवर में क्रिस मॉरिस की गेंद पर कौशल मेंडिस एबी डिविलियर्स के हाथों कैच हो गए। मेंडिस ने 11 रन बनाए। 18वें ओवर में चांदीमल को डिविलियर्स ने रन आउट कर पवेलियन भेजा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए कप्पूगेदरा बिना खाता खोले आउट हो गए। पारी के 26वें ओवर में ताहिर ने थरंगा को मिलर के हाथों कैच करा दिया।
हालांकि जब श्रीलंका के विकेट एक छोर से गिर रहे थे तब थरंगा पारी को संभाले रखा। थरंगा ने 57 रन बनाए। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए गुणरत्ने ज्यादा देर तक पिच पर नहीं रुक सके और 4 रन बनाकर आउट हो गए। गुणरत्ने के बाद पारी को आगे बढ़ा रहे प्रसन्ना को मोरिस ने पवेलियन भेजा। प्रसन्ना ने 13 रन बनाए। प्रसन्ना के बाद लकमल बिना खाता खोले रन आउट हो गए।
लकमल के बाद मलिंगा को रबाडा ने 1 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया। और अंत में प्रदीप को इमरान ताहिर ने बोल्ड कर श्रीलंका की पारी को समाप्त किया। दक्षिण अफ्रीका का तरफ से इमरान ताहिर ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए इसके अलावा क्रिस मोरिस ने 2, रबाडा और मोर्केल ने 1-1 विकेट झटका।