चैंपियंस ट्रॉफी का पहला मैच मेजबान इंग्लैंड के नाम रहा। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश ने शानदार खेल दिखाते हुए 6 विकेट के नुकसान पर निर्धारित 50 ओवर में 305 रन बनाए। जवाब में जीत के लिए 306 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड ने 2 विकेट खोकर 47.2 ओवर में रिकॉर्ड लक्ष्य हासिल कर मैच 8 विकेट से जीत लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश की शुरआत धीमी रही। बांग्लादेश ने पहले 10 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 36 रन बनाए। पारी के 12वें ओवर में बांग्लादेश को पहला झटका लगा। बेन स्टोक्स ने सौम्य सरकार को प्वाइंट की तरफ बेयरस्टो के हाथों कैच लपकावर पवेलियन भेजा।
सरकार ने 34 गेंद में 28 रन बनाए। 19वें ओवर में प्लकेंट की गेंद पर कयेस का बेहतरीन कैच वुड ने लपका। कयेस ने 19 रन बनाए। कायेस के आउट होने के बाद बल्लेबाजी के लिए आए मुश्फिकुर और तमीम इकबाल ने 166 रनों की शानदार शतकीय साझेदारी कर इंग्लैंड को बैकफुट पर ढकेल दिया।
तमीम इकबाल ने 142 गेंद में शानदार 128 और मुश्फिकुर ने 72 गेंद में 79 रन बनाए। प्लंकेट ने 45वें ओवर में लगातार दो गेंदों में इकबाल और मुश्फिकुर को आउट कर पवेलियन भेजा। 47वें ओवर में बॉल ने शाकिब अल हसन को आउट कर बांग्लादेश को पांचवां झटका दिया।
दुनिया का नंबर वन ऑलराउंडर शाकिब अल हसन केवल 10 रन बना सका। मोहमदुल्लाह 6 और मोसद्दिक 2 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड की तरफ से प्लंकेट ने 10 ओवर में 59 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। वहीं जैक बॉल और बेन स्टोक्स ने 1-1 विकेट लिया।
306 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत ठीक नहीं रही। पिछले कई मैचों में फ्लॉप रहे जेसन रॉय को कप्तान मशरफे ने लेग स्लिप पर कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। रॉय केवल 2 रन बना सके।
इंग्लैंड का दूसरा विकेट 28वें ओवर में 165 के स्कोर के स्कोर पर गिरा। इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज एलेक्स हेल्स शतक से चूक गए। हेल्स को सुंजामुल इस्लाम ने शब्बीर की गेंद पर डीप मिड विकेट पर कैच लपक लिया। हेल्स ने 86 गेंद में 95 रन बनाए। दूसरे विकेट के लिए रूट और हेल्स के बीच 159 रन की साझेदारी हुई। रूट ने 59 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया।
हालांकि हेल्स की शानदार पारी को कप्तान मोर्गन ने जो रूट के साथ आगे बढ़ाया और टीम को जीत की तरफ बढ़ाते ले गए। शानदार बल्लेबाजी करते हुए जो रूट ने नाबाद 129 गेंदों में 133 रन बनाए। अपनी पारी के दौरान रूट ने 11 चौके व 1 छक्का लगाया। इसके अलावा कप्तान इयॉन मोर्गन ने भी गजब की बल्लेबाजी की। मोर्गन ने नाबाद 61 गेंदों में 75 रन बनाए। मोर्गन ने इस बीच 8 चौके व 2 छक्के भी लगाए।
जो रूट की शानदार पारी के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। इंग्लैंड ने रिकॉर्ड रन चेस करते हुए बांग्लादेश को 8 विकेट से हरा दिया। बांग्लादेश की तरफ से कप्तान मशरफे मोर्तजा और सब्बीर रहमान ने एक-एक विकेट लिया।