कार्डिफ, 13 जून: ग्रुप स्टेज में सभी टीमों को पराजित करने के बाद मेजबान इंग्लैंड बुधवार (14 जून) को चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान की मजबूत पेस बैटरी का सामना करेगा। 1 जून से शुरू हुए चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट में इंग्लैंड एक मात्र ऐसी टीम है जिसने अपने सभी मैच बिना किसी खतरे के जीते हैं। जबकि दूसरी तरफ पाकिस्तान पहला मैच भारत के हाथों 124 रनों से हारने के बाद बड़ा उलटफेर करते हुए सेमीफाइनल तक पहुंचा है।
पाक गेंदबाजी की जादू बरकरार रहेगा?
पाकिस्तान के गेंदबाजों जुनैद खान, मोहम्मद अमीर, फहीम अशरफ, हसन अली और उनके एकमात्र स्पिनर इमाद के सामने इंग्लैंड की मजबूत बल्लेबाजी लाइन-अप की कठिन परीक्षा होगी। जुनैद खान और मोहम्मद अमीर श्रीलंका के खिलाफ पिछले मैच में शानदार प्रदर्शन कर रहे थे और मेजबानों के खिलाफ अपने जादू को बरकरार रखने की उम्मीद से मैदान पर उतरेंगे।
1999 के बाद कभी फाइनल में नहीं पहुंचा है पाक
श्रीलंका के खिलाफ मैच में पाकिस्तानी गेंदबाजों की कुछ गेंदे तो वाकई में खतरनाक थी, ऐसे में उम्मीद जताई जा सकती है कि इंग्लैंड के खिलाफ मैच में भी वही खेल एक बार दोबारा देखने को मिल सकता है। अगर पाकिस्तान मेजबान इंग्लैंड की टीम को पराजित करता है तो यह 1999 के वनडे विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया से हारने के बाद पहली बार किसी आईसीसी के टूर्नामेंट के फाइनल में खेलेगा।
पाकिस्तान की बल्लेबाजी चिंता का सबब
आपको बता दें कि इससे पहले आखिरी बार पाकिस्तान ने 2011 के विश्वकप में सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था हालांकि अपने चिर-प्रतिद्वंदी भारत के हाथों हारकर बाहर हो गई थी। पाकिस्तानी टीम की बात करें तो जहां गेंदबाजी एक तरफ आग उगल रही है तो वहीं दूसरी तरफ बल्लेबाजी चिंता का सबब बनी हुई है। लीग मैचों के दौरान अधिकांश पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने संघर्ष किया है। कप्तान सरफराज अहमद और सलामी बल्लेबाज फखड़ जमान एकमात्र पाकिस्तान के बल्लेबाज हैं जिन्होंने इस टूर्नामेंट में किसी तरह का फॉर्म दिखाया है। कप्तान सरफराज खान अपने अंतिम लीग मैच में श्रीलंका के खिलाफ 61 रन बनाकर नाबाद रहे थे।
अपराजेय रही है इंग्लैंड
दूसरी तरफ इंग्लैंड ग्रुप ए में प्रमुख टीम रही है उसने अपने सभी मुकाबले जीते हैं। इंग्लैंड ने ग्रुप स्टेज में ऑल-विन रिकार्ड के साथ ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड जैसी टीमों को हराया है। इंग्लैंड की बल्लेबाजी लाइन-अप, एलेक्स हेल्स, जो रूट, इयोन मोर्गान, बेन स्टोक्स और जोस बटलर शानादर लय में है। हालांकि पाकिस्तानी गेंदबाजी के आगे इन बल्लेबाजों की कठिन परीक्षा होगी। जो रूट भी आईसीसी चैंपियंस ट्राफी में शीर्ष रन स्कोरर में से एक हैं। रूट ने तीन मैचों में 212 रन बनाए हैं जिनमें बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 133 के उच्चतम स्कोर भी शामिल है।
पाकिस्तान पर भारी है इंग्लैंड
इंग्लैंड ने गेंदबाजी विभाग में भी अच्छा प्रदर्शन किया है। लियाम प्लंकेट, मार्क वुड, जेक बॉल, बेन स्टोक्स और उनके स्पिनर आदिल रशीद और मोईन अली ने शानादर संतुलन बनाए रखा है। आईसीसी टूर्नामेंट में इंग्लैंड और पाकिस्तान बीच 10 मैच खले गए हैं जिलमें से इंग्लैंड ने 6 और पाकिस्चान ने 4 मैच जीते हैं। आखिरी बार पाकिस्तान ने आईसीसी टूर्नामेंट में इंग्लैंड को 1996 में हराया था।
टीम स्वॉयड
इंग्लैंड: जेसन रॉय, एलेक्स हेल्स, जो रूट, इयोन मॉर्गन (कप्तान), बेन स्टोक्स, जोस बटलर (कीपर), मोईन अली, स्टीवन फिन, लिआम प्लंकेट, मार्क वुड, जेक बॉल, जॉनी बेयरस्टो, सैम बिलिंस, आदिल रशीद, डेविड विली।
पाकिस्तान: सरफराज खान (कप्तान और कीपर), अहमद शहजाद, अजहर अली, बाबर आज़म, फहीम अशरफ, फखड़ जमान, हरीस सोहेल, हसन अली, इमाद वासीम, जुनैद खान, मोहम्मद अमीर, मोहम्मद हफीज, शदाब खान और शोएब मलिक।
मैच समयः दोपहर 3 बजे (भारतीय समयनुसार)
चैनल: स्टार स्पोर्ट्स 1, स्टार स्पोर्ट्स 3 और हॉटस्टार 2
अगला मैचः सेमी फाइनल 2: भारत बनाम बांग्लादेश 15 जून, 3 बजे (भारतीय समयनुसार)