मुंबई, 1 जून (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के तहत खेले जा रहे ट्वेंटी-20 टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने किंग्स इलेवन पंजाब को एकतरफा मुकाबले में 9 विकेटों से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। फाइनल में अब चेन्नई सुपर किंग्स रविवार को पहले सेमीफाइनल की विजेता राजस्थान रायल्स से भिड़ेगी।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुए इस मैच में जीत के लिए निर्धारित 113 रनों के लक्ष्य को चेन्नई सुपर किंग्स ने आसानी के साथ 14.5 ओवरों में सिर्फ एक विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। चेन्नई सुपरकिग्स की तरफ से पार्थिव पटेल व सुरेश रैना ने अविजित 51 व 55 रनों का योगदान दिया।
पहले खेलते हुए किंग्स इलेवन पंजाब ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 112 रन बनाए। चेन्नई सुपरकिंग्स की तरफ से तेज गेंदबाज मखाया नतिनी, मनप्रीत गोनी व एल्बी मार्केल ने दो-दो विकेट लिए। किंग्स इलेवन की तरफ से रमेश पोवार ने अविजित 28 रनों का योगदान दिया।
इंड्रो-एशियन न्यूज सर्विस।