लंदन, 31 मई: अभी चैंपियंस ट्रॉफी शुरू होने में थोड़ा वक्त है लेकिन दिग्गजों में इसके लेकर जुबानी जंग जारी है। कोई भारत को तो कोई इंग्लैंड को इस बार का प्रबल दावेदार मान रहा है। इसी क्रम में क्रिकेट की दुनिया के दो लीजेंड के बीच जुबानी जंग यहां तक बढ़ गई कि एक ने दूसरे से उसकी टीम की जर्सी पहनने की शर्त तक लगा ली।
जी हां, चौंकिए मत, दरअसल ये शर्त एक टीवी चैनल द्वारा लंदन में आयोजित करवाए जा रहे एक प्रोग्राम में पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ऑस्ट्रेलियन दिग्गज शेन वार्न ने लगाई है। दरअसल पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क ने चैंपियंस ट्रॉफी कि प्रबल दावेदार टीम को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा, "मैं चैंपियंस ट्रॉफी में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच फाइनल की भविष्यवाणी करता हूं।
ये दोनों ही टीम चैंपियंस ट्रॉफी जीत सकती है।" जिस पर गांगुली ने असहमत होते हुए कहा कि- मुझे लगता है भारत और इंग्लैंड फाइनल खेंलेंगे। दादा ने कहा कि इंग्लैंड ऑस्ट्रेलिया से बेहतर टीम है।
हालांकि शेन वार्न को ये बात जची नहीं और उन्होंने सौरव गांगुली से शर्त लगा ली। वार्न ने कहा- यदि ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस ट्रॉफी में इंग्लैंड को हराता है, तो गांगुली को एक दिन के लिए ऑस्ट्रेलियाई शर्ट पहननी होगी और अगर इंग्लैंड जीतता है, तो वे खुद इंग्लैंड की शर्ट पहनेंगे। दोनों ने एक-दूसरे की चुनौती स्वीकार कर ली।
जब दादा से पूछा गया कि इंग्लैंड के पास कौन सा मैच विनर खिलाड़ी है? जिसके जवाब में दादा मे कहा कि- जो रूट, जोस बटलर। आपको बता दें कि भारत का पहला मुकाबला चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से 4 जून को होगा।