नई दिल्ली, 21 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की 'कोलकाता नाइट राइडर्स' टीम के मुख्य कार्यकारी जॉय भट्टाचार्य ने आज टीम के मालिक सुपर सितारा शाहरुख खान और कप्तान सौरभ गांगुली के बीच मतभेद की अफवाह को पूरी तरह खारिज कर दिया।
इससे पहले आई मीडिया रिपोर्टों में कहा गया था कि शाहरुख और सौरभ के बीच कुछ बातों को लेकर मतभेद पैदा हो गए हैं। इनमें टीम चयन और कोच जान बुकानन को दिए जा रहे अतिरिक्त अधिकार जैसी बातें शामिल थीं।
भट्टाचार्य ने इन बातों को आधारहीन और गलत बताते हुए आईएएनएस से कहा, "हमें कुछ नहीं कहना है क्योंकि हमें लगता है कोई समस्या ही नहीं है। शाहरुख और सौरभ के बीच मतभेद की बातें एकदम आधारहीन हैं। यह केवल पत्रकारों की अपनी दिमागी उपज है।"
उधर सौरभ गांगुली ने भी कहा है कि उन्हें शाहरुख से कोई समस्या नहीं है।
गौरतलब है कि कल रात राजस्थान रायल्स की टीम से हार जाने के बाद नाइट राइडर्स की हालत खराब है और उसे अंतिम चार में पहुंचने के लिए अब किसी चमत्कार की उम्मीद है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*