चैंपियंस ट्रॉफी 2017 अगर किसी के लिए सबसे ज्यादा याद रखी जाएगी तो वह है बारिश, जी हां, दरअसल 1 जून से शुरू हुए चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट में लगभग हर मैच पर बारिश का साया रहा है। बारिश का सबसे ज्यादा खामियाजा कंगारुओं को भुगतना पड़ा है। ऑस्ट्रेलिया के दोनों मैच बारिश के कारण बिना किसी नजीते के रद्द हो गए। आने वाले मैच पर भी बारिश का साया मडराया हुआ है। इसका सबसे ज्यादा असर ग्रुप बी के मैच पर पड़ने वाला है।
चारों टीमों के पास है सेमीफाइनल में पहुंचने का मौका
दरअसल गुरुवार को श्रीलंका के हाथों भारत का 7 विकेट से हारना ग्रुप बी के लिए रोमांचकारी हो गया है। कुल मिलाकर कह सकते हैं कि इस समय ग्रुप बी की चारों टीमें सेमीफाइनल के लिए जंग लड़ने को तैयार हैं। ग्रुप बी के 2 मुकाबले बचे हैं।
पहला 11 जून को भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका और दूसरा 12 जून को पाकिस्तान बनाम श्रीलंका का मुकाबला बचा है। इन दोनों मुकाबलों में जीतने वाली टीमें सेमीफाइनल के लिए सीधे क्वालीफाई कर लेंगी। अब जब बात बारिश की हो रही है तो गणित कुछ इस प्रकार है।
ऐसे बाजी मार सकता है भारत
ग्रुप बी में भारत इस समय टॉप पर है। हालांकि अंक चारो टीमों के समान (दो-दो) ही हैं लेकिन यहां पर अंतर नेट रनरेट का है। रविवार को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच मुकाबले पर भी बारिश का साया है। अगर ये मैच बारिश के कारण बिना किसी नतीजे के रद्द होता है तो दोनों टीमों को एक-एक अंक मिल जाएगा।
इस प्रकार दोनों टीमों के पास 3-3 अंक हा जाएंगे। लेकिन....भारत यहां पर बाजी मार जाएगा। जैसा हम पहले ही बता चुके हैं कि भारत नेट रनरेट के हिसाब से टॉप पर है इसलिए बारिश के बाद फैसला नेट रनरेट से होगा। और भारत सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। लेकिन अगर भारत ये मैच हार गया तो डिफेंडिंग चैंपियन का सफर खत्म हो जाएगा।
यहां पर श्रीलंका भी बाजी मारने में कामयाब हो सकता है
वहीं दूसरे मुकाबले में गणित कुछ इसी प्रकार है। दरअस पाकिस्तान और श्रीलंका के भी दो-दो अंक हैं। पाकिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका को हराया है और श्रीलंका ने भारत को हराया है। अगर श्रीलंका और पाकिस्तान के मुकाबले में बारिश होती है और मैच बिना किसी नतीजे के रद्द होता है तो श्रीलंका सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी।
क्योंकि नेट रनरेट के आधार पर श्रीलंका पाकिस्तान से काफी आगे है। हालांकि चारों टीमों का रन रेट अगले मैच में बदलना तय है।