मुंबई। इस वक्त बीसीसीआई में इंडियन कोच को लेकर घमासान मचा हुआ है वहीं इस बीच एक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है कि टीम इंडिया के कैप्टन विराट कोहली ने ही 'मु्ल्तान के सुल्तान' वीरेंद्र सहवाग को कोच पद के लिए आवेदन करने को कहा था जिसके बाद वीरू ने कोच पद के लिए अप्लाई किया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने हेड कोच पद के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के समक्ष आवेदन दिया है। सहवाग हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 10वें संस्करण में किंग्स इलेवन पंजाब टीम के निदेशक थे और ऐसी खबरें आई थीं कि बीसीसीआई ने ही वीरू से कहा है कि वो कोच के लिए अप्लाई करें लेकिन अब कहा जा रहा है कि बीसीसीआई ने नहीं कोहली ने सहवाग से ऐसा करने को कहा है।
कोहली और कुंबले के बीच कोल्ड वॉर
मालूम हो कि ऐसी खबरें आ रही हैं कि इस वक्त विराट कोहली और इंडियन कोच अनिल कुंबले दोनों के बीच कुछ सही नहीं चल रहा है, दोनों एक-दूसरे के काम की शैली को लेकर नाराज हैं तो वहीं दूसरी ओर बीसीसीआई भी कुंबले की कुछ बातों को लेकर चिढ़ी हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बोर्ड कुंबले से इसलिए नाराज है क्योंकि कुंबले ने खिलाड़ियों के लिए केन्द्रीय अनुबंध और वेतन में भारी वृद्धि की मांग की थी।
कोई अधिकारिक बयान नहीं आया
फिलहाल इस बाबत बीसीसीआई की ओर से कोई अधिकारिक बयान नहीं आया है, हालांकि उसने कोच पद के लिए आवेदन मांगे हैं। गौरतलब है कि मौजूदा भारतीय कोच अनिल कुंबले का कार्यकाल आईसीसी चैंपियंस ट्राफी के बाद समाप्त होने जा रहा है।
छह दावेदारों में चार उम्मीदवार भारत के
भारतीय क्रिकेट कोच पद के लिए अब तक आवेदन करने वाले छह दावेदारों में चार उम्मीदवार भारत के हैं, जिनमें मौजूदा कोच अनिल कुंबले भी शामिल हैं। कुंबले को मौजूदा कोच होने के नाते सीधे प्रवेश दिया गया है। राष्ट्रीय टीम के पूर्व मैनेजर लाल चंद राजपूत और भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज डोडा गणेश ने भी कोच पद के लिए आवेदन किया है। विदेशी दावेदारों में श्रीलंका के पूर्व कोच टॉम मूडी और पाकिस्तान के पूर्व कोच रिचर्ड पायबस शामिल हैं।