नई दिल्ली, 14 मई (आईएएनएस)। राजधानी में बुधवार सुबह आए तेज आंधी और बारिश ने गुरुवार को फिरोजशाह कोटला मैदान में होने वाले 'इंडियन प्रीमियर लीग' (आईपीएल) मैच को लेकर संशय की स्थिति उत्पन्न कर दी है। मैदान में पानी भरा हुआ है।
खराब मौसम के कारण गुरुवार को 'दिल्ली डेयरडेविल्स' और 'डेक्कन चार्जर्स' के बीच होने वाले मैच के लिए बुधवार शाम होने वाले अभ्यास सत्र को रद्द कर दिया गया।
अब तक नौ में से सात मैच हार चुकी 'डेक्कन चार्जर्स' के लिए यह खबर तकलीफदेह थी कि वे मैदान के बाहर या अंदर कहीं भी अभ्यास नहीं कर सकते।
दिल्ली को अभ्यास के लिए दोपहर का समय दिया गया था। उसे भी मौसम खराब होने की वजह से रद्द करना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि पानी के जमाव के कारण कोटला मैदान पूरी तरह गीला और कीचड़ से भर चुका है।
ग्राउंडमैन ने कहा, "हमें गुरुवार के खेल तक मैदान को ठीक करने की चिंता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।