भुवनेश्वर, 31 मई (आईएएनएस)। उड़ीसा के प्रज्ञान ओझा के बांग्लादेश और पाकिस्तान दौरे के लिए भारतीय क्रिकेट टीम में चुने जाने पर पूरे प्रदेश में हर्ष का माहौल है। बाएं हाथ के स्पिनर ओझा को एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में शामिल किए जाने पर उड़ीसा में लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई।
भुवनेश्वर के शहीद स्पोर्टिग क्लब में उस समय खुशी का माहौल बन गया जब 21 वर्षीय ओझा को टीम में शामिल किया गया। इस क्लब में ही ओझा खेल के गुर सीखे।
क्लब के सचिव पंकज पटनायक ने आईएएनएस को बताया, "इस चयन से हम सभी बहुत खुश हैं। हमें ओझा से बहुत उम्मीदें हैं और हमें पूरा विश्वास है कि वह हमारे लिए सम्मान लेकर लौटेगा।"
राजधानी के निकट खोरधा में जन्में ओझा ने क्रिकेट की शुरुआत 13 साल की उम्र में की।
शिव सुंदर दास, देबाशीष मोहंती और संजय राउल के बाद प्रज्ञान ओझा राष्ट्रीय टीम में चुने जाने वाले उड़ीसा के चौथे खिलाड़ी हैं। उनके चयन पर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा, "क्रिकेट टीम के लिए चुने जाने के लिए मैं उसे हार्दिक बधाई देता हूं, मैं आशा करता हूं कि वह अच्छा प्रदर्शन करेगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।