कोलकाता, 20 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के तहत स्थानीय ईडन गार्डन मैदान पर खेले जा रहे एक महत्वपूर्ण मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 147 रन बना लिए। राजस्थान रॉयल्स को आज का मैच जीतने के लिए निर्धारित 20 ओवरों में 148 रन बनाने हैं।
राजस्थान की ओर से सोहेल तनवीर और मुनाफ पटेल ने घातक गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। सोहेल ने चार ओवरों में 26 रन देकर 3 विकेट प्राप्त किए जबकि पटेल ने चार ओवरों में 22 रन दिए और दो विकेट हासिल किए।
कोलकाता की तरफ से कप्तान सौरव गांगुली ने सर्वाधिक 32 रन बनाए जबकि डी. बी. दास ने 31 रनों का योगदान दिया। इन दोनों के अलावा कोलकाता का कोई भी बल्लेबाज अपने प्रदर्शन का जौहर नहीं दिखा सका। कोलकाता की शुरुआत भी निराशाजनक रही और लगातार अंतराल पर उसके विकेट गिरते रहे।
इससे पहले, राजस्थान रॉयल्स के कप्तान शेन वार्न ने टॉस जीता और गेंदबाजी करने का फैसला किया। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए कोलकाता के लिए आज का मैच हर हाल में जीतना जरूरी है। जबकि राजस्थान की टीम सेमीफाइनल में पहले ही अपना स्थान पक्का कर चुकी है।
राजस्थान के कप्तान शेन वार्न का टीम में चार सीमरों शेन वाटसन, सोहेल तनवीर, मुनाफ पटेल और सिद्धार्थ त्रिवेदी को शामिल किये जाने का फैसला सही साबित हुआ। उधर, कोलकाता की टीम में रावलपिंडी एक्सप्रेस के नाम से मशहूर शोएब अख्तर की जगह उमर गुल को शामिल किया गया है। अख्तर चोट की वजह से आज का मैच नहीं खेल रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।