लखनऊ, 3 जून (आईएएनएस)। राजधानी लखनऊ के के. डी. सिंह बाबू स्टेडियम में 56वीं अखिल भारतीय शीशमहल क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में आज एयर इंडिया ने पाकिस्तान की कराची टाइगर्स को 46 रन से हरा दिया।
एयर इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 ओवर में 222 रन बनाए। जवाब में कराची टाइगर्स की पूरी टीम 176 पर ऑल आउट हो गई। एयर इंडिया की तरफ से आर. आर. परीदा ने सर्वाधिक 69 रन बनाए। उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। कराची टाइगर्स की तरफ से जावेद कादिर ने सर्वाधिक 52 रन बनाए।
टूर्नामेंट के दूसरे मैच में ओएनजीसी ने यूपीसीए को 10 विकेट से हरा दिया। यूपीसीए ने पहले खेलते हुए 40 ओवर में 197 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में ओएनजीसी ने 29.3 ओवर में बिना कोई विकेट खोए इस लक्ष्य को पा लिया। ओएनजीसी की तरफ से 84 रन बनाने वाले गगन खोड़ा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। यूपीसीए की तरफ से एकलव्य द्विवेदी ने 59 रन का योगदान दिया। एयर इंडिया की तरफ से हरभजन और मो. कैफ आज का मैच नहीं खेल पाए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।