चायकाल तक भारत ने चार विकेट गंवाए (लीड)
कानपुर, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका के साथ खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन चायकाल तक भारत ने चार विकेट खोकर 165 रन बना लिए थे। लंच और चायकाल के बीच के खेल में भारत ने राहुल द्रविड़ और वी.वी. एस लक्ष्मण के महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए। लक्ष्मण ने 50 जबकि द्रविड़ ने 29 रन बनाए।
कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में 265 रनों के अपेक्षाकृत छोटे स्कोर पर आउट होने के बाद दक्षिण अफ्रीका की टीम ने अच्छी वापसी करते हुए भारत को दबाव में ला दिया है। भारत अब दक्षिण अफ्रीका से ठीक 100 रन पीछे है और उसके ऊपरी क्रम के चार बल्लेबाज आउट होकर पवेलियन लौट गए हैं।
चायकाल के समय सौरव गांगुली 26 और युवराज सिंह 21 रन बनाकर मैदान पर थे। दक्षिण अफ्रीका की ओर से अब तक मोर्केल ने तीन और स्टेन ने एक विकेट लिया है।
इससे पहले भारतीय टीम को सुबह पहला झटका 18 रनों पर लगा था जब वीरेंद्र सहवाग 8 रन बनाकर स्टेन का शिकार हो गए। थोड़ी ही देर बाद वसीम जाफर भी मोर्केल को अपना विकेट थमा कर पवेलियन लौट गए।
तीन मैचों की श्रृंखला का यह अंतिम मैच है। अहमदाबाद में खेला गया दूसरा मैच जीतकर अफ्रीकी टीम पहले ही 1-0 की बढ़त बना चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications