दुबई, 5 जून (आईएएनएस)। मादक पदार्थ रखने का आरोप झेल रहे पाकिस्तानी क्रिकेट खिलाड़ी मोहम्मद आसिफ को रविवार को यहां स्थानीय अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। तब तक उन्हें हिरासत में रखा जाएगा।
दुबई, 5 जून (आईएएनएस)। मादक पदार्थ रखने का आरोप झेल रहे पाकिस्तानी क्रिकेट खिलाड़ी मोहम्मद आसिफ को रविवार को यहां स्थानीय अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। तब तक उन्हें हिरासत में रखा जाएगा।
मामले की देखरेख करने यहां आए पाकिस्तानी क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के वरिष्ठ अधिकारी नदीम अकरम ने आईएएनएस से कहा, "मोहम्मद आसिफ के रक्त और मूत्र की जांच के परिणाम प्राप्त हो गए हैं। मामला रविवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा, आसिफ के खिलाफ अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।"
अकरम ने यह भी कहा कि अभी तक आसिफ की जांच तथा उनके पास मिले कथित मादक पदार्थो की जांच के परिणामों को सार्वजनिक नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान के इस तेज गेंदबाज को गत रविवार को दुबई के अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अधिकारियों ने कथित रूप से मादक पदार्थ रखने के आरोप में गिरफ्तार कर दुबई पुलिस की मादक पदार्थ संबंधी शाखा को सौंप दिया था।
वह भारत में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मुकाबलों में भाग लेने के बाद दुबई होते हुए लाहौर वापस जा रहे थे।
उधर, पाकिस्तानी क्रिकेट बोर्ड ने यह कहते हुए आसिफ का समर्थन किया है कि वह तब तक निर्दोष माने जाएंगे जब तक उन्हें आधिकारिक रूप से आरोपी नहीं बताया जाता।
आसिफ को अभी दुबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पूछताछ केंद्र पर रखा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*