दुबई/कराची, 6 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद आसिफ की मुश्किलें बढ़ गई हैं। फोरेंसिक जांच रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हो गई है कि उनके पास से जो पदार्थ बरामद हुआ है, वह मादक और प्रतिबंधित है।
हालांकि आसिफ के लिए अच्छी खबर यह है कि उनके मूत्र के नमूने की जांच रिपोर्ट नकारात्मक पाई गई है।
आसिफ मामले की जांच कर रहे मुख्य अधिकारी मोहम्मद अली रूस्तम ने समाचार एजेंसी गल्फ न्यूज को बताया कि आसिफ अभी भी हिरासत में ही रहेंगे।
उन्होंने बताया कि दुबई पुलिस की फोरेंसिक जांच रिपोर्ट में पाया गया है कि आसिफ के बटुए से बरामद पदार्थ प्रतिबंधित और मादक पदार्थो की श्रेणी में आता है। रूस्तम के मुताबिक अगले शुक्रवार तक जांच की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
उल्लेखनीय है कि भारत में इंडियन प्रीमियर लीग टूर्नामेंट खेलने के बाद पाकिस्तान लौट रहे आसिफ को मादक पदार्थ रखने के संदेह पर दुबई हवाई अड्डे पर गिरफ्तार कर लिया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*