नई दिल्ली। भारत-पाकिस्तान के बीच रविवार को होने वाले महामुकाबले से पहले दोनों टीमों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। इसकी शुरूआत पाकिस्तान की ओर से तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने की, उन्होंने भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली पर निशाना साधा। जिसका जवाब भारतीय कप्तान विराट कोहली ने बखूबी दिया। आखिर क्या कहा भारतीय कप्तान ने पढ़िए आगे।
पाकिस्तानी तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने माइंडगेम खेलते हुए विराट कोहली को लेकर कहा था कि भारतीय टीम विराट कोहली पर विश्वास करती है और वो खुद इस मुकाबले के लिए दबाव में होंगे। ऐसा इसलिए क्योंकि कप्तान के तौर पर ये उनका बड़ा टूर्नामेंट हैं। आमिर ने आगे कहा कि इसमें कोई शक नहीं उनका विकेट हमारे लिए बेहद खास होगा।
मोहम्मद आमिर के इस बयान पर कप्तान कोहली ने पलटवार किया है। कोहली ने कहा कि वो मुकाबले से पहले किसी भी गेंदबाज का वीडियो नहीं देखते हैं। मुझे जो भी गेंद मिलती है उसे खेलने में यकीन रखता हूं। उन्होंने कहा कि मुझे खुद पर विश्वास है। मेरे लिए इतना मजबूत होना जरूरी है कि मैं दुनिया के किसी भी बॉलर का सामना कर सकूं। कोहली ने आगे कहा कि फाइनल जैसे मुकाबले से पहले आपको खुद पर ही यकीन करना होता है। आपकी मानसिक तैयारी ऐसे मैच में बेहद अहम होती है। उन्होंने कहा कि हम हर मैच जीतने के लिए खेलते हैं। रिकॉर्ड जैसी बातों पर हमारा ध्यान नहीं होता है।