लंदन। आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में टीम इंडिया, साउथ अफ्रीका को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में पहुंच गई है। साउथ अफ्रीका ने टीम इंडिया को जीत के लिए 192 रनों का लक्ष्य दिया था। जिसके जवाब में टारगेट का पीछा करते हुए भारत ने 38 ओवर में ही 193 रन बना लिए और ये मैच 8 विकेट से अपने नाम कर लिया। टीम इंडिया के लिए कप्तान विराट कोहली ने शानदार 76 रनों की पारी खेली जबकि शिखर धवन ने 78 रन बनाए। आईए मैच के हटके मोमेंट्स के बारे में आपको बताते हैं।
डेविड मिलर का रन आउट
दक्षिण अफ्रीका के विकेट गिरने के दौरान एक मजेदार नजारा भी देखने को मिला। मैच का सबसे मजेदार और बेहतरीन नजारा डेविड मिलर के रन आउट होने पर देखने को मिला। दक्षिण अफ्रीका की पारी के 30वें ओवर की पहली गेंद पर मिलर जिस अंदाज में रन आउट हुए वह देखने लायक था।
Uhh, that's not how it's meant to work guys... 🤔#INDvSA #CT17 pic.twitter.com/K5xiUkrNTB
— ICC (@ICC) June 11, 2017
क्रीज पर फाफ डु प्लेसिस और डेविड मिलर थे। डुप्लेसिस स्ट्राइकर एंड पर थे। जबकि मिलर नॉन स्ट्राइकर एंड पर थे। रविचंद्रन अश्विन गेंदबाजी कर रहे थे. डुप्लेसिस ने गेंद खेली। इधर, नॉन स्ट्राइक एंड से रन चुराने के लिए मिलर उनकी ओर भागे। दोनों बल्लेबाजों में भ्रम हुआ और गलतफहमी में वे दोनों एक ही तरफ दौड़ पड़े। मौका पाकर टीम इंडिया के जसप्रीत बुमराह ने कोहली को गेंद पास की, जिसके बाद उन्होंने रन आउट किया।
भुवनेश्वर कुमार का डबल अटैक
भारत की तरफ से भुवनेश्वर कुमार ने दो विकेट लिए। भुवनेश्वर ने कैगिसो रबाडा और मोर्ने मोर्कल को लगातार गेंदों पर आउट किया जबकि इमरान ताहिर रन आउट होने वाले तीसरे बल्लेबाज बने।
58 रन बनाने में दक्षिण अफ्रीका ने खो दिए 8 विकेट
दक्षिण अफ्रीका को अच्छी शुरुआत मिली। उसके सलामी बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत की। एक समय में 140 रन पर साउथ अफ्रीका के 2 विकेट थे। हैरान करने वाली बात ये रही कि आगे मात्र 58 रन पर साउथ अफ्रीका के 8 विकेट गिर गए।
धवन की शानदार बल्लेबाजी
शिखर धवन (78 रन) ने अपने वनडे करियर का 19 वां अर्धशतक जमाया। अब वे मौजूदा चैंपियंस ट्रॉफी में सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में टॉप (271 रन) पर आ गए हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के केन विलियम्सन (244 रन) को पीछे छोड़ा।