कोलकाता नाइट राइडर्स के शेर, 67 रनों पर ढेर
मुंबई, 16 मई (आईएएनएस)। मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों की सधी हुई गेंदबाजी के आगे कोलकाता नाइट राइडर्स के शेर मात्र 67 रनों पर ही ढेर हो गए। कोलकाता की पूरी टीम महज 15.1 ओवरों में ही आउट हो गई।
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और विस्फोटक बल्लेबाज सनत जयसूर्या जैसे धुरंधर बल्लेबाजों से सुसज्जित मुंबई की टीम को जीत के लिए 68 रन बनाने हैं।
मुंबई इंडियंस की ओर से शॉन पोलक ने घातक गेंदबाजी करते हुए कोलकाता के तीन महत्वपूर्ण बल्लेबाजों को आउट किया। इयान ब्रेवो और डी. जे. थोर्नले ने दो-दो विकेट हासिल किए। इन गेंदबाजों के घातक प्रदर्शन के आगे कोलकाता का कोई भी खिलाड़ी मैदान पर जम कर नहीं खेल सका।
कोलकाता की ओर से कप्तान सौरव गांगुली और अजीत आगरकर ने सर्वाधिक 15-15 रन बनाए जबकि सलामी बल्लेबाज सलमान बट्ट ने 13 रन बनाए।
वानखेड़े स्डेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेले जा रहे इस अहम मुकाबले में मुंबई के कप्तान सचिन तेंदुलकर ने टॉस जीता और पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया।
कोलकाता टीम के बाएं हाथ के फिरकी गेंदबाज मुरली कार्तिक आज नहीं खेल रहे हैं। तातेंदा तायबु और इकबाल अब्दुल्ला को भी आज के मैच के लिए टीम में स्थान नहीं दिया गया है। उनकी जगह अजीत आगरकर और मोहम्मद हाफिज को टीम में शामिल किया गया है।
मुंबई ने अपनी टीम में एक बदलाव किया है। धवल कुलकर्णी की जगह उसने बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज राजेश पवार को टीम में शामिल किया है।
कोलकाता की टीम यदि आज का मैच जीत जाती है तो सेमीफाइनल में उसकी दावेदारी मजबूत हो जाएगी जबकि मुंबई की टीम यदि आज का मैच जीतती है तो सेमीफाइनल बर्थ के लिए कोलकाता, मुंबई और दिल्ली की डेयर डेविल्स के बीच कांटे की टककर होनी तय है। मुंबई की जीत से तीनों टीमों के दस-दस अंक हो जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications