मुंबई, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आज होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मुकाबले में मुंबई इंडियंस और बंगलौर रॉयल्स की टीम आमने-सामने होगी।
मुंबई में इंडियन प्रीमियर लीग का यह पहला मुकाबला है और मुकेश अंबानी की टीम 'मुंबई इंडियन' विजय माल्या की टीम 'बंगलौर रॉयल्स' को चुनौती देगी।
मुंबईवासी इस मैच का आनंद उठाने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हजारों निगाहें मुंबई इंडियंस के कप्तान मास्टर-ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर पर टिकी हैं। वह जानना चाहते हैं कि सचिन मैच खेलेंगे या नहीं।
विज्ञापन जगत के विशेषज्ञ वसंत कुलकर्णी ने कहा, "मैं मैच को देखने के लिए काफी उत्साहित हूं और उम्मीद करता हूं कि आज सचिन जरूर खेलेंगे।" कुलकर्णी कुल पांच टिकट खरीदें है और पूरे परिवार के साथ मैच देखने जा रहे हैं।
उपनगरीय इलाकों में रहने वाले कई लोग टेलीविजन पर ही मैच के सीधा प्रसारण का लुत्फ उठाना चाहते हैं। मीडिया से जुड़े वसई निवासी संजीव राय ने कहा, "मैं तो इस मैच का आनंद पब में बैठ कर उठाऊंगा।"
यकीनन यदि सचिन आज मैच नहीं खेलते हैं तो उनके चाहने वालों को काफी दुख होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।