मोहाली, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। मोहाली में मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब की टीम के बीच खेले गए मैच के बाद ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह द्वारा श्रीसंत को जड़े गए थप्पड़ की आवाज दूर तक गूंज रही है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इस घटना को गंभीरता से लेत हुए हरभजन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है, जिससे वह मुश्किल में पड़ गए हैं।
बोर्ड के सचिव निरंजन शाह ने अपने वक्तव्य में कहा, "इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के एक मैच के दौरान शुक्रवार रात मोहाली में हरभजन और श्रीसंत के बीच जो कुछ हुआ बोर्ड ने उसे गंभीरता से लिया है। बोर्ड हरभजन के इस व्यवहार की निंदा करता है।"
उन्होंने कहा, "बोर्ड ने हरभजन को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए उनसे सोमवार शाम तक घटना के संबंध में अपना पक्ष रखने की बात कही है।"
शुक्रवार रात किंग्स इलेवन पंजाब की तरफ से खेल रहे तेज गेंदबाज श्रीसंत को उस समय मैदान पर रोते हुए देखा गया था जब टीम के अन्य सदस्य आईपीएल में मिली पहली जीत का जश्न मना रहे थे। मैच किंग्स इलेवन पंजाब और मुंबई इंडियनस के बीच खेला गया था।
बीसीसीआई के प्रमुख प्रशासनिक अधिकारी (सीएओ) रत्नाकर सेट्टी ने भी घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा, "यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मैदान पर ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए और इसे कतई बर्दास्त नहीं किया जाएगा। यदि मैच रेफरी इस घटना की शिकायत करते हैं तो हरभजन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। "
सेट्टी ने कहा कि बीसीसीआई को किंग्स इलेवन टीम के अधिकारियों की तरफ से अब तक कोई शिकायत नहीं पहुंची है लेकिन मीडिया में आई खबर के आधार पर बोर्ड ने हरभजन को नोटिस जारी किया है।
आईपीएल के आयुक्त ललित मोदी ने कहा, "फिलहाल हमलोग मैच रेफरी फारूख इंजीनियर की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।"
दूसरी तरफ हरभजन ने ऐसी किसी भी घटना से इंकार किया है। उसने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "मैंने श्रीसंत को थप्पड़ नहीं मारा है। मीडिया बेवजह इस बात को तूल दे रहा है।"
सचिन तेंदुलकर की अनुपस्थिति में मुंबई इंडियंस टीम की कप्तानी कर रहे हरभजन ने कहा कि यह उनके और श्रीसंत के बीच का मसला है और उन दोनों ने मिलकर इसे सुलझा लिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।